#राजनीति
March 6, 2025
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ऐसे समीकरण बिठाएगा हाईकमान, साथ ही तय होगा 11वां मंत्री
हिमाचल में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का चयन तय करेगा नया मंत्री
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के चयन का सीधा असर मंत्रिमंडल विस्तार पर पड़ने वाला है। यह तय कर लिया गया है कि जिस संसदीय क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष चुना जाएगा, वहां से किसी को मंत्री पद नहीं मिलेगा। ऐसे में आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्र ही प्रमुख दावेदार बने हुए हैं।
शिमला संसदीय क्षेत्र से पहले ही पांच मंत्री हैं, जबकि हमीरपुर से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक कैबिनेट मंत्री पहले से मौजूद हैं। इसलिए इन दोनों क्षेत्रों को मंत्री पद मिलने की संभावना बेहद कम है।
यही कारण है कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।
यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद कांगड़ा को मिलता है, तो मंडी को मंत्री पद मिलने की संभावना मजबूत होगी। वहीं, अगर अध्यक्ष पद मंडी के हिस्से में जाता है, तो कांगड़ा से मंत्री पद की दावेदारी बढ़ जाएगी।
मंडी से कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं, जबकि कांगड़ा से संजय रतन का नाम संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल है। इसके अलावा चंबा जिले से भी मंत्री पद के लिए संभावनाएं जताई जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इस पर अब हाईकमान को फैसला लेना है कि उन्हें पद पर बनाए रखा जाए या नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाए।
कांग्रेस का एक गुट प्रतिभा सिंह को दोबारा अध्यक्ष बनाए रखने की वकालत कर रहा है, जबकि दूसरा गुट "एक परिवार, एक पद" के सिद्धांत को लागू करने के पक्ष में है। अगर प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा जाता है, तो मंडी और कांगड़ा दोनों की मंत्री पद पर दावेदारी बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही संकेत दे चुके हैं कि जल्द मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। हालांकि, इसका सटीक समय अभी तय नहीं है। फिलहाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।