#राजनीति

October 4, 2025

हिमाचल कांग्रेस का “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान शुरू, सीएम सुक्खू ने बताया- कैसे चोरी हो रहे वोट

15 अक्टूबर तक एक लाख हस्ताक्षर जुटाकर हाईकमान को भेजेंगे प्रतिलिपि

शेयर करें:

Vote Chor Gaddi Chhod Campaign

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान की शुरुआत की, जिसकी कमान खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संभाली। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला से इस अभियान का आगाज़ हुआ और सबसे पहला हस्ताक्षर मुख्यमंत्री ने किया। कांग्रेस का लक्ष्य है कि 15 अक्टूबर तक प्रदेशभर से एक लाख हस्ताक्षर जुटाकर इसकी प्रतिलिपि पार्टी हाईकमान को सौंपी जाए।

गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस

अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए कांग्रेस ने बूथ स्तर तक रणनीति तैयार कर ली है। हर विधानसभा क्षेत्र और गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जोड़ेंगे। पार्टी के अग्रणी संगठन,युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक और सेवादल को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभियान को जन-जागरण में बदलें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आपके इलाके का अफसर नहीं कर रहा काम ? तुरंत घुमाएं ये नंबर, सीधे CM तक पहुंचेगी शिकायत

भाजपा पर वोट चोरी का आरोप

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “देशभर में भाजपा चुनाव दर चुनाव लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में वोट चोरी के उदाहरण सबके सामने हैं। अब हिमाचल में कांग्रेस जनता को बताएगी कि किस तरह से बूथ स्तर पर वोट काटे जाते हैं और इसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि एक बूथ से 50 वोट काटे जाएं तो 100 वोट का फर्क पड़ जाता है। भाजपा यही खेल खेल रही है, और कांग्रेस अब इसका सच जनता तक पहुंचाएगी।

 

यह भी पढ़ें: कुल्लू दशहरा में तहसीलदार से बदसलूकी: बेटी बोली- आस्था के नाम पर की गुं*डागर्दी; प्रशासन पर दागे सवाल

कांग्रेस नेतृत्व का साझा मंच

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह संयोजक कुलदीप राठौर, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल समेत पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहे। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने वर्चुअल बैठक के ज़रिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और साफ कहा कि यह सिर्फ कागज़ी नहीं बल्कि जन-आंदोलन होना चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि अभियान केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि गांव-गांव तक पहुंचेगा। राहुल गांधी पहले ही पूरे देश में वोट चोरी के खेल का पर्दाफाश कर चुके हैं और अब हिमाचल की जनता को भी सच्चाई बताई जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे पेंशनर, DA- एरियर को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी

13 अक्टूबर को दिल्ली तक संदेश

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि यह अभियान राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 13 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा, जहां कांग्रेस के केंद्रीय नेता मौजूद रहेंगे। उस समय इस अभियान के हस्ताक्षरों की प्रतिलिपि भी उन्हें सौंपी जाएगी।

भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने की तैयारी

कांग्रेस ने इस अभियान के ज़रिए स्पष्ट संदेश दिया है कि भाजपा को हिमाचल में घेरने के लिए अब जनता को साथ लेकर बड़े आंदोलन किए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह अभियान हिमाचल की राजनीति में भाजपा के लिए नई मुश्किलें खड़ी करेगा और जनता को यह समझाया जाएगा कि “लोकतंत्र के नाम पर वोट की चोरी” किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख