#राजनीति

February 27, 2026

सुक्खू सरकार के कार्यक्रम में जमीन पर बैठ गए BJP विधायक, खुलेआम जताई नाराजगी; जानें सब कुछ

कार्यक्रम में भाजपा विधायक का छलका दर्द, बोले-विधानसभा में नहीं सुनी जाती बात

शेयर करें:

BJP MLA Janak raj

चंबा। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार द्वारा जनता की समस्याएं सुनने के लिए शुरू किया गया सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम शुक्रवार को उस समय हाई.वोल्टेज राजनीतिक ड्रामे में तब्दील हो गया, जब इस कार्यक्रम में सूट बूट पहन पहुंचे भाजपा विधायक मंच के ठीक सामने जमीन पर बैठ गए। इस दौरान भाजपा विधायक ने खुलेआम सुक्खू सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। 

मंच के ठीक सामने जमीन पर बैठे भाजपा विधायक

दरअसल सरकार की ओर से चंबा जिला के मैहला पंचायत में शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम चल रहा था। दोपहर एक बजे जब कार्यक्रम अपने चरम पर था, तब भरमौर से भाजपा विधायक डॉ जनक राज अचानक वहां पहुंचे। डॉ जनक राज मंच पर बैठने के बजाय सीधे जनता के बीच जाकर दरी पर सबसे आगे बैठ गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब का घोटाला! 11 माह बंद रहे कॉलेज का 6.84 लाख आया बिजली-फोन बिल, ऑडिट में खुलासा

 

मंच पर बैठने से कर दिया इंकार

भाजपा विधायक के इस तरह से जमीन पर बैठने के बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं में अचानक हलचल मच गई। विधायक के जमीन पर बैठते ही उपायुक्त मुकेश रेपसवाल उन्हें मंच पर आने के लिए मनाने पहुंचे, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर इंकार कर दिया। बाद में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी आग्रह किया, मगर विधायक अपनी नाराजगी पर अड़े रहे। आखिरकार जिला भाजपा नेता ललित ठाकुर उन्हें पकड़कर मंच तक ले गए, जिसके बाद माहौल कुछ सामान्य हुआ।

 

यह भी पढ़ें : बुरी फंसी SDM ओशीन- ब्रांड प्रमोशन मामले में जांच के निर्देश, मैडम ने सोशल मीडिया से हटाया वीडियो

सुक्खू सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी

भाजपा विधायक डॉ जनक राज ने कार्यक्रम के दौरान अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते हुए कहा कि विधानसभा में जनता से जुड़े कई मुद्दे उठाए जाने के बावजूद उन पर अमल नहीं हो रहा है। उन्होंने उपायुक्त से कहा कि जब सरकार खुद लोगों के द्वार पहुंची है तो वह भी जनता की समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने आए हैं, क्योंकि विधानसभा में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट ने लगाई कड़ी फटकार, कहा- तबादलों के नाम पर 'मनमानी' नहीं चलेगी! 

 

विधायक ने स्पष्ट किया कि वह कार्यक्रम में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं डालना चाहते, बल्कि केवल जनता की आवाज उठाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने लोगों को भी संबोधित करते हुए कहा कि वह जनता के प्रतिनिधि हैं और उन्हीं के समर्थन से विधानसभा तक पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में उठाए गए कई जनहित मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। दुर्गम क्षेत्रों में अधिकारी और कर्मचारी तैनात नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने रिक्त पदों, सड़कों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

कुलदीप पठानिया की बात पर लगे ठहाके

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि अब तो खबर बन चुकी है, इसलिए उन्हें मंच पर आ जाना चाहिए। उनकी इस बात पर कार्यक्रम स्थल पर ठहाके भी लगे। हालांकि, काफी समझाने के बाद भी जब विधायक नहीं माने तो अंततः जिला भाजपा नेता ललित ठाकुर उन्हें पकड़कर मंच तक ले गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से कर रहा था चिट्टे का धंधा, 10 दिन पहले ही जेल से छूटा था - फिर हुआ अरेस्ट

मंच से अधिकारियों को दी खुली चेतावनी

मंच पर पहुंचने के बाद विधायक जनक राज ने अपने संबोधन में प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात को नजरअंदाज करते हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने दो टूक कहा कि यह लोकतंत्र है और यहां जनता तथा जनप्रतिनिधियों की आवाज सुननी ही पड़ेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख