#राजनीति
December 14, 2025
नितिन नवीन बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जेपी नड्डा के बाद संभालेंगे पार्टी की कमान
जगत प्रकाश नड्डा का बेहद सफल रहा बतौर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल
शेयर करें:

नई दिल्ली/शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने आज रविवार को एक अहम फैसला लेते हुए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है।भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में यह बड़ा बदाव आज रविवार को किया। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बाद अब नितिन नवीन ही पार्टी की कमान संभालेंगे। यह निर्णय भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया, जिसकी आधिकारिक जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने रविवार को साझा की। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद से पार्टी संगठन को नए नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नड्डा का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था और वे इसके बाद विस्तार (एक्सटेंशन) पर काम कर रहे थे। अब पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने के लिए नितिन नवीन को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू पर बरसे जेपी नड्डा, बोले पैसे जब मांगोगे तब मिलेंगे.. पर अहसान फरामोशी नहीं चलेगी
हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले जेपी नड्डा का बतौर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकाल काफी सफल और निर्णायक माना जाता है। उनके नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया। संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और अनुशासित कार्यशैली उनकी पहचान रही। नड्डा के कार्यकाल में पार्टी ने कई नए सामाजिक और क्षेत्रीय वर्गों तक अपनी पहुंच बनाई, जिससे भाजपा की चुनावी ताकत और मजबूत हुई।
बता दें कि हिमाचल से संबंध रखने जगत प्रकाश नड्डा को भी पहले भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस समय से गृह मंत्री अमित शाह थे। नड्डा को जून 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उसके बाद जनवरी 2020 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब देखना यह है कि नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के कितने समय बाद नड्डा की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है।
बता दें कि अभी दो दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने जहां भाजपा कार्यालय की नीव रखी थी। वहीं कार्यकर्ताओं में भी जोश भरा था। अब नितिन नवीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दो दिन पहले नड्डा का हिमाचल दौरा शायद बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अंतिम दौरा होगा।
भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नवीन बिहार सरकार में मंत्री हैं। नितिन नवीन को एक युवा, सक्रिय और संगठनात्मक अनुभव रखने वाला नेता माना जाता है। बिहार की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ रही है और संगठनात्मक कार्यों में भी उनका अनुभव पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों के लिए रणनीतिक मजबूती हासिल होगी।
नितिन नवीन की नियुक्ति पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता को यह जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए सकारात्मक कदम है। उन्होंने नितिन नवीन को एक कर्मठ कार्यकर्ता और दूरदृष्टि रखने वाला नेता बताया।
भाजपा के लिए यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटना शुरू कर चुकी है। नितिन नवीन के सामने संगठन को एकजुट रखने, राज्यों में समन्वय बढ़ाने और नड्डा के सफल कार्यकाल की विरासत को आगे ले जाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। कुल मिलाकर नड्डा के प्रभावशाली नेतृत्व के बाद अब भाजपा संगठन की कमान नितिन नवीन के हाथों में है, जिनसे पार्टी को नई रणनीति और नई गति की उम्मीद है।