#राजनीति

December 13, 2025

CM सुक्खू पर बरसे जेपी नड्डा, बोले पैसे जब मांगोगे तब मिलेंगे.. पर अहसान फरामोशी नहीं चलेगी

कांग्रेस के जन संकल्प सम्मेलन पर नड्डा का तीखा पलटवार

शेयर करें:

JP Nadda-Sukhu

शिमला। राजधानी शिमला पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है और हिमाचल को जब जरूरत होगी, तब सहायता दी जाएगी। लेकिन बार-बार केंद्र पर आरोप लगाकर अहसान फरामोशी करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने आपदा और विकास कार्यों में राज्य की हर संभव मदद की है, इसके बावजूद कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है।

जन संकल्प सम्मेलन पर तीखा पलटवार

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार सुबह शिमला में पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास किया। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जेपी नड्डा का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसके लिए वे खुली गाड़ी में पीटरहॉफ शिमला पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में होने जा रही है शिक्षकों की भारी कमी: एक साथ रिटायर हो रहे 1600 अध्यापक

 

अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने हाल ही में मंडी में आयोजित कांग्रेस सरकार के जन संकल्प सम्मेलन पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार के हालिया राजनीतिक संदेश ने पूरे देश को दिशा दिखाई है।

BJP संगठन को मजबूत करने के लिए पांच ‘क’

नड्डा ने कहा कि बिहार की जनता ने समाज के हर वर्ग के समर्थन से भाजपा को एकतरफा जीत का संकेत दिया है और घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली राजनीति को साफ तौर पर नकार दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने ऐसे तत्वों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जो देश की सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने के लिए खतरा हैं। जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर ‘डबल इंजन सरकार’ का मंत्र दोहराया।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में होटल रूम बना नशे का अड्डा: पुलिस ने पति-पत्नी समेत 9 को किया अरेस्ट

 

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे गाड़ी के दोनों पहिए जरूरी होते हैं, वैसे ही केंद्र और राज्य में एक जैसी सरकार होने से विकास की रफ्तार तेज होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए पांच ‘क’ बेहद जरूरी हैं- कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय। नए प्रदेश कार्यालय का निर्माण इसी सोच का हिस्सा है, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा सुशासन और जवाबदेही पर आधारित

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति की संस्कृति बदली है। उन्होंने यूपीए सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में सत्ता कुछ खास जातियों, वर्गों और परिवारों तक सीमित रहती थी। वहीं आज की भाजपा सरकार जवाबदेह, उत्तरदायी और जनता के बीच जाकर काम करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति तुष्टीकरण या जातिवाद पर नहीं, बल्कि सुशासन और जवाबदेही पर आधारित है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख