#राजनीति
July 13, 2025
आपदा पीड़ितों से मिले अनुराग ठाकुर, बोले - सांसद निधि से शुरू होंगे राहत कार्य
बोले - हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है भाजपा परिवार
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। बरसात के चलते हुए भूस्खलन, बाढ़ और जन.धन के नुकसान ने न केवल सड़कों और घरों को तहस.नहस किया है, बल्कि सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया है। इस कठिन समय में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंडी पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि भाजपा हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
रविवार को मंडी जिला के थुनाग पहुंचे अनुराग ठाकुर ने ना सिर्फ आपदा पीड़ितों की समस्याओं और उनके दुख दर्द को जाना। बल्कि मौके पर ही अपनी सांसद निधि के पैसों से राहत कार्य शुरू करने की बात कह दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यहां पहाड़ी की तरफ से अभी भी छोटे छोटे नालों के माध्यम से घरों की ओर पानी आ रहा है। इस पानी को रोकने के लिए मैं अपनी सांसद निधि से कुछ पैसे दूंगा और कुछ पैसे मनरेगा से दिए जाएंगे। इन पैसों से पंचायत प्रधान के माध्यम से घरों की तरफ आने वाले पानी को डायवर्ट करने के लिए डंगों का निर्माण शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां की गोद से छिटक कर ब्यास में गिरी 5 साल की मासूम, झूले से पार कर रहे थे नदी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज रविवार है, लेकिन कल सांसद निधि की राशि प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचा दी जाएगी और राहत कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। ताकि आने वाले दिनों में पहाड़ों से आ रहे पानी से घरों को नुकसान ना पहुंच सके। अनुराग ठाकुर ने आपदा पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही घरों को नुकसान पहुंचाने वाले नालों के आसपास क्रेटवॉल लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: भूस्खलन से पूरे गांव पर मंडराया खतरा, खेतों-घरों में आई दरारें; दहशत में 14 परिवार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कि इस आपदा ने हिमाचल के लोगों को गहरे जख्म दिए हैं। कई परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया है, कई अपने घरों से उजड़ गए हैं। दुख की इस घड़ी में भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संवेदनशील परिवार की तरह हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र से भी हिमाचल को राहत दिलवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खो दी 14 साल की लाडली बेटी, आधी रात को हुई अनहोनी; जानें क्या
उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। जरूरतमंदों को राशन, दवाइयां, कपड़े, बर्तन और इलाज जैसी मूलभूत चीजें पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एनडीआरएफ की टीमें पहले ही घटनास्थलों पर तैनात हैं और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सिर्फ भाषण नहीं दे रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर काम कर रहे हैं। जो जहां फंसा है, उसे वहां राहत पहुंचाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेब से लदे सैंकड़ों पेड़ों पर चली आरी, लोगों में आक्रोश; बोले- 10 दिन में होना था तुड़ान
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद केंद्र में हिमाचल के हित में लगातार पैरवी की है और भविष्य में भी करते रहेंगे। उन्होंने सभी दलों के नेताओं से आग्रह किया कि प्रदेश के हित में केंद्र के दरवाज़े खटखटाने में कोई संकोच न करें। अगर कोई नेता हिमाचल का प्रतिनिधित्व करता है, तो उसे बिना किसी झिझक के दिल्ली में हिमाचल की आवाज़ बुलंद करनी चाहिए। प्रदेश का हित सर्वोपरि है, राजनीति बाद में आती है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार और समाज दोनों को मिलकर इस संकट का सामना करना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहयोग करें और पुनर्निर्माण में अपना योगदान दें। हमारा संकल्प है कि किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यह सिर्फ सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि मानवता का धर्म है।