#राजनीति
December 16, 2025
BJP के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन से मिले अनुराग ठाकुर, पुरानी संगठनात्मक यादों के साथ दी बधाई
अनुराग ने कम उम्र के नेता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने पर पीएम मोदी का जताया आभार
शेयर करें:

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अपने पुराने मित्र और भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नवीन से मुलाकात की। अनुराग ठाकुर ने नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कम उम्र में इतनी बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपना पार्टी नेतृत्व की दूरदर्शिता और युवा नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाता है।
अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी जी का भारत की युवा शक्ति पर अटूट विश्वास है और वे राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनका कहना था कि नितिन नवीन का लंबा संगठनात्मक अनुभव, कर्मठ कार्यशैली और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी संगठन को नई मजबूती देगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंड का कहर जारी : कई इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट, जानें मौसम अपडेट
राजनीतिक सफर की बात करें तो केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और नितिन नवीन का जुड़ाव पुराने संगठनात्मक दौर से रहा है। जब अनुराग ठाकुर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, उस समय नितिन नबीन बिहार इकाई की कमान संभाल रहे थे। संगठन में काम करते हुए दोनों नेताओं ने जमीनी स्तर पर युवाओं को जोड़ने और पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: संजौली ही नहीं... यहां भी सरकारी भूमि पर बना रखी हैं 3-3 अवैध मस्जिदें, उग्र हुए हिंदू संगठन
नितिन नवीन ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। एबीवीपी से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, जिसके बाद उन्हें भाजयुमो में महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, अनुराग ठाकुर का राजनीतिक उदय भी तेज़ रहा। उनकी मेहनत और सक्रिय भूमिका का परिणाम यह रहा कि वर्ष 2014 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में केंद्रीय मंत्री बनने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और देश.विदेश में भी अपनी सक्रियता के लिए जाने जाने लगे।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक अहम संगठनात्मक निर्णय लेते हुए नितिन नवीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। यह फैसला पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया था। जिसकी आधिकारिक जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने साझा की थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बाद अब संगठनात्मक स्तर पर नितिन नवीन को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद जेपी नड्डा को केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद से पार्टी संगठन में नए नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नड्डा का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था और वे विस्तार पर कार्य कर रहे थे। अब पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने के उद्देश्य से नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले जेपी नड्डा का कार्यकाल भाजपा के लिए काफी प्रभावशाली और निर्णायक रहा। उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई राज्यों में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया। संगठन विस्तारए बूथ स्तर पर मजबूती और अनुशासित कार्यशैली उनकी पहचान रही।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंचे छत्रधारी चालदा महासू ने करवाया दिव्य उपस्थिति का एहसास, युवती में आई देव शक्ति
गौरतलब है कि जेपी नड्डा को भी पहले भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उस समय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह थे। जून 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जनवरी 2020 में नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि नितिन नवीन को कितने समय बाद पार्टी का पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा।
बिहार सरकार में मंत्री रहे नितिन नवीन को एक युवाए सक्रिय और मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले चुनावों के लिए रणनीतिक रूप से भाजपा और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।