#राजनीति
January 15, 2025
अनुराग ठाकुर ने किया 'दिल्ली शराब घोटाला' पोस्टर का अनावरण, शायरना अंदाज में घेरी AAP
पोस्टर में लिखा है "दिल्ली का किया बंटाधार.. जब मिल बैठे तीन यार"
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज एक बार फिर दिल्ली की आम आदमी पार्टी को कटघरे में खड़ा कर दिया। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने शायरना अंदाज में दिल्ली की आम सरकार पर जमकर तंज कसे और अरविंद केजरीवाल पर सवालों की झड़ी लगा दी। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने दिल्ली शराब घोटाले पर एक पोस्टर का अनावरण भी किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के महाठग अरविंद केजरीवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2026 करोड़ रुपए का घोटाला किया। जब विधानसभा में कैग की रिपोर्ट पेश करने की बारी आई तो आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के हाथ कांपने लगे। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने शायराना अंदाज में आप सरकार पर जमकर निशाना साधा।
यह भी पढ़ें : HRTC चालक मामले में DM मंडी की रिपोर्ट पर यूनियन को संदेह, उठाई ये मांग
अनुराग ठाकुर ने शायराना अंदाज में कहा... "क्या जुर्म है.. जिसको छुपा रहे हो.. लाख छिपाओ छिपा ना सकोगे... आपका घोटालों का पाप है.. यह गहरा। जी हां यह 2026 करोड़ का घोटाला है। भाजपा सांसद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आप के नेता पूछ रहे हैं भाजपा बार बार क्यों सवाल पूछ रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम बार बार सवाल पूछेंगे कि जो आपने अपने साथी मनीष सिसोदिया के साथ मिलकर आबकारी नीति बनाई थी, उसे कैबिनेट में लेकर क्यों नहीं आए। अगर आपकी नीति इतनी ही लाभकारी थी तो आपने इसे वापस क्यों लिया। इन जैसे कई सवाल है, जिनका अरविंद केजरीवाल जी आपको जवाब देना ही होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के 48 लोगों को दिल्ली की गणतंत्र दिवस परेड से आया न्योता, यहां देखें पूरी लिस्ट
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेरा एक और सवाल है, कैग की रिपोट जो पूरे सबूतों के साथ और आंकड़ों के साथ बनी है, उसे विधानसभा में रखने से पहले आम आदमी पार्टी के हाथ क्यों कांप रहे हैं। ऐसी कौन सी मजबूरी है, कि आप इस पर चर्चा नहीं करना चाहते और जवाब नहीं देना चाहते। अनुराग ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि कैग की रिपोर्ट में ऐसा क्या है, जो चोर की दाड़ी में तिनका नहीं। यहां तो पूरे का पूरा सब काला ही है आपका।
अंत में अनुराग ठाकुर ने कहा एक पोस्टर अनावरण करते हुए कहा कि यह जो मैं आपको दिखा रहा हूं यह सच है और यह सच छिपेगा नहीं। यह दिल्ली के सामने आया है कि 2026 करोड़ का घोटाला है यह। दिल्ली का किया बंटाधार। जब मिल बैठे तीन यार।