#राजनीति
June 20, 2025
अनुराग ठाकुर बोले- छोटे दिल की है सुक्खू सरकार, केंद्र से मदद भी लेगी और श्रेय भी नहीं देगी
विकसित भारत संकल्प पर नैना देवी में गरजे अनुराग ठाकुर
शेयर करें:
शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर आज विकसित भारत संकल्प सभा में भाग लेने के लिए बिलासपुर जिला के नैना देवी विधानसभा में पहुंचे। यहां अनुराग ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार की कुशल नीतियों पर बात की। वहीं प्रदेश की सुक्खू सरकार को जमकर घेरा और प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं की लंबी फेहरिस्त गिनाई।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश की आपदा राहत के लिए 2000 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी की, लेकिन कांग्रेस नेता इसे नाकाफी बताकर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब प्रदेश सरकार एक लाख करोड़ के कर्ज में डूबी हो, विकास कार्य पूरी तरह ठप हों, सरकारी कर्मचारियों पेंशनरों को वेतन पेंशन समय पर ना दी जा रही हो। ऐसे समय में दो हजार करोड़ कम हैं क्या ?
यह भी पढ़ें : हिमाचल के डिप्टी सीएम-विधायक को धमकाने वाले शूटर ने मांगी माफी, जानें क्या लिखा
केंद्रीय मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले 93,000 मकानों में भी राज्य सरकार ने अपनी उपलब्धि नहीं जोड़ी, न ही केंद्र को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि पिछली बार आवंटित 12,000 मकानों के फंड का भी एक हिस्सा सरकार खर्च नहीं कर पाई और पैसा वापस चला गया। यह प्रदेश सरकार की वित्तीय अक्षमता का प्रमाण है।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार प्रधानमंत्री के नाम से जुड़ी किसी भी योजना को प्रचारित नहीं करना चाहती, क्योंकि इससे श्रेय केंद्र को मिलेगा। उन्होंने कहा कि
राज्य सरकार का दिल छोटा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 2700 करोड़ की सड़कें मंजूर होती हैं, लेकिन वहां भी सांसद का नाम नहीं लगाना चाहते। यही वजह है कि प्रदेश में विकास की गति ठप है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के डिप्टी CM और विधायक को खुलेआम धमकी- FIR दर्ज, माहौल हुआ तनावपूर्ण
एक राष्ट्र एक चुनाव पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार को इसमें भी आपत्ति है। वन नेशन वन इलेक्शन के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने एक रोचक राजनीतिक संदर्भ जोड़ा। उन्होंने याद दिलाया कि हिमाचल देश का पहला राज्य था जिसने अप्रैल 2010 में विधानसभा में इस पर बहस कर सहमति जताई थी। उस समय आज के मुख्यमंत्री और स्पीकर भी सदन में मौजूद थे। लेकिन आज यह लोग एक राष्ट्र एक चुनाव पर आपत्ति जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें : श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू : इन श्रद्धालुओं को नहीं मिलेगी अनुमति, यहां जानें नए नियम
वहीं अनुराग ठाकुर ने विकसित भारत संकल्प सभा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पिछले 11 सालों में नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। पीएम मोदी की कुशल आर्थिक नीतियों से हम 11 वें नंबर से चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बने हैं। 11 सालों में डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने तकनीकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिससे देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है साथ ही देश की सुरक्षा में मजबूती आई है।