#राजनीति

May 31, 2026

सत्ता के सेमीफाइनल में भाजपा की बड़ी जीत, अनुराग ठाकुर बोले- हिमाचल में कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू

सुक्खू सरकार को तीन निगमों में झटका, एक में मिली हल्की राहत

शेयर करें:

Anurag singh thakur

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है। सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन नगर निगमों में बढ़त और जीत हासिल कर राजनीतिक बढ़त बना ली है। चुनाव परिणामों के बाद भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल हैए जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस को कई मोर्चों पर झटका लगा है।

 

इन्हीं परिणामों को लेकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और पंचायती राज चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : समारोह में जा रहे परिवार पर टूट पड़े रंगड़, बुरी तरह किया घायल; मां-बेटे समेत तीन गंभीर

कांग्रेस से नाखुश जनता ने भाजपा पर जताया भरोसा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला, मंडी और सोलन नगर निगमों में भाजपा को मिले जनसमर्थन ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में कांग्रेस को कुछ राहत अवश्य मिली है, लेकिन कुल मिलाकर चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में गए हैं। उनका कहना था कि इन चुनावों को प्रदेश की राजनीति का सेमीफाइनल माना जा रहा था और जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देकर 2027 की राजनीतिक तस्वीर की झलक दिखा दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: वोट डाल लौटी 90 वर्षीय दादी की थमी सांसें, शाम को पोता बन गया प्रधान; नहीं मना पाई जीत की खुशी

मोदी सरकार की नीतियों पर जनता ने जताया भरोसा

भाजपा सांसद ने चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा के विकास मॉडल पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मतदाताओं ने भाजपा की राष्ट्रवादी सोच और विकासवादी एजेंडे को समर्थन दिया है। उन्होंने चुनाव जीतने वाले सभी भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल उम्मीदवारों की नहीं बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।

कांग्रेस सरकार पर बोला हमला

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी हुई है, वित्तीय स्थिति लगातार कमजोर हुई है और युवाओं, कर्मचारियों, किसानों तथा व्यापारियों में असंतोष बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम इस बात का संकेत हैं कि जनता अब कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है और बदलाव चाहती है। भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश के लोगों ने मतदान के माध्यम से सरकार को चेतावनी देने का काम किया है।

यह भी पढ़ें- पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस की हैट्रिक : लगातार 3 वार्डों में जीत दर्ज, शुरुआती नतीजों में BJP पिछड़ी

2027 की राजनीति का ट्रेलर बने चुनाव परिणाम

भाजपा सांसद ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों को केवल नगर निगमों तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। यह परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं। उनके अनुसार जनता ने सत्ता परिवर्तन का संकेत देना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर यही जनसमर्थन आगे भी बना रहा तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी।

भाजपा खेमे में जश्न, कांग्रेस के सामने चुनौती

नगर निगम चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी इसे जनता का विश्वास और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत बता रही है। वहीं कांग्रेस के लिए यह परिणाम संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर आत्ममंथन का विषय बन गए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर निगम चुनावों ने हिमाचल की राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति और अधिक गर्माने की संभावना है, क्योंकि भाजपा इन परिणामों को 2027 के विधानसभा चुनावों की नींव के रूप में देख रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में समाई टैक्सी, दो परिवार खत्म; बच्चों समेत 8 की मौके पर ही मौ*त- पसरा मातम

सत्ता के सेमीफाइनल का संदेश

नगर निगम चुनावों के नतीजों ने इतना तो स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की राजनीति में मुकाबला अब और दिलचस्प होने वाला है। भाजपा इसे सत्ता के सेमीफाइनल में मिली जीत बता रही है, जबकि कांग्रेस के सामने जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में आने वाले महीनों में हिमाचल की राजनीति और अधिक तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख