#विविध
May 31, 2026
पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस की हैट्रिक : लगातार 3 वार्डों में जीत दर्ज, शुरुआती नतीजों में BJP पिछड़ी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में जारी मतगणना के बीच धर्मशाला, पालमपुर और मंडी से कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। शुरुआती नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कुछ वार्डों में भाजपा ने बढ़त बनाई है तो वहीं कांग्रेस भी कई सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है।
नगर निगम पालमपुर चुनाव में कांग्रेस ने शुरुआती नतीजों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम कर लिया है। मतगणना के दौरान सामने आए परिणामों में कांग्रेस ने लगातार तीन वार्डों में जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। इन नतीजों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
वार्ड नंबर-1 लोहना से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रपाल ने शानदार जीत हासिल की है। इंद्रपाल को कुल 858 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को करीब 200 वोटों के अंतर से हराया। इस जीत को कांग्रेस के लिए मजबूत शुरुआत माना जा रहा है।
पालमपुर के वार्ड नंबर-2 में भी कांग्रेस का परचम लहराया। कांग्रेस उम्मीदवार राधा सूद ने 114 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर पार्टी की स्थिति और मजबूत कर दी। लगातार दूसरी जीत के साथ कांग्रेस खेमे में उत्साह और बढ़ गया।
वार्ड नंबर-3 पालमपुर खास से कांग्रेस प्रत्याशी रणजीत कौर ने भी जीत हासिल कर ली है। इसके साथ ही कांग्रेस ने पालमपुर नगर निगम के शुरुआती तीन वार्डों में लगातार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत मौजूदगी का संकेत दे दिया है।
लगातार तीन वार्डों में मिली जीत ने पालमपुर में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त दिला दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शुरुआती नतीजे कांग्रेस के पक्ष में जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि भाजपा को आगे के वार्डों में वापसी के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। हालांकि अभी कई वार्डों के परिणाम आने बाकी हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों और नतीजों ने पालमपुर में कांग्रेस के मजबूत प्रदर्शन की तस्वीर साफ कर दी है।