#विविध

October 13, 2025

शिमला अनावरण कार्यक्रम : VIP ब्लॉक में नहीं मिली एंट्री, सुरक्षाकर्मियों से भिड़े मेयर-पार्षद

शहर में VVIP मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं

शेयर करें:

VIRBHADRA SINGH STATUE UNVEILING CEREMONY SHIMLA

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय नेताओं में शुमार स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृतियों को अमर करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज कुछ ही देर में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में हुआ हंगामा

वहीं, आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब नगर निगम शिमला की मेयर, डिप्टी मेयर और कई पार्षदों को VIP ब्लॉक में प्रवेश नहीं करने दिया गया। प्रवेश से रोके जाने पर निगम प्रतिनिधियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और हल्की धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें : कुछ देर में होगा 'राजा साहब' की प्रतिमा का अनावरण, भावुक हुए बेटे विक्रमादित्य सिंह

VIP एरिया में जाने से रोका

जानकारी के अनुसार, रिज पर आयोजित इस सरकारी कार्यक्रम में प्रदेश के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण तो दिया गया था, लेकिन मौके पर पहुंचने पर सुरक्षा कर्मियों ने VIP एरिया में जाने से रोक दिया। जब मेयर और पार्षदों ने विरोध जताया तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

किया गया अपमानजनक व्यावहार

मेयर ने कहा कि शिमला शहर के प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि “हम जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं, और अगर शहर के मेयर और पार्षदों को अपने ही शहर के मंच पर सम्मान नहीं मिलेगा तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”

यह भी पढ़ें :'राजा साहब' की प्रतिमा का अनावरण आज, आधुनिक हिमाचल निर्माता को मिलेगा ऐतिहासिक सम्मान

कैसे शांत हुआ मामला?

वहीं, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा कारणों और निर्धारित प्रोटोकॉल के चलते केवल सूचीबद्ध व्यक्तियों को ही VIP ब्लॉक में प्रवेश की अनुमति थी। उन्होंने बताया कि स्थिति को शांत करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया और बाद में मामला शांत हो गया।

ऐताहिसक रिज मैदान...

रिज मैदान, जो शिमला का हृदय स्थल माना जाता है, अब और भी ऐतिहासिक बन गया है। यहां पहले से ही भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, महात्मा गांधी और अन्य महान विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित हैं। अब इनके बीच वीरभद्र सिंह की प्रतिमा भी लगाई गई है, जिससे यह स्थल न केवल सौंदर्य बल्कि राजनीतिक विरासत का प्रतीक बन गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रेनी डॉक्टरों और छात्रों के बीच चले लात-घूंसे, बीच-बाजार बना 'तमाशा'; 6 पहुंचे अस्पताल

हिमाचल के लिए भावनात्मक महत्व

समारोह को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में VVIP मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं। आज का यह दिन न केवल वीरभद्र सिंह परिवार के लिए, बल्कि पूरे हिमाचल के लिए भावनात्मक महत्व रखता है। यह उस नेता की स्मृति को नमन करने का अवसर है, जिसने पहाड़ की राजनीति को जनसेवा की पहचान दी और अपने काम से लोगों के दिलों में अमर हो गया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह समारोह के मुख्य आयोजकों में शामिल हैं। आयोजन में कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय समारोह के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख