#विविध

October 13, 2025

'राजा साहब' की प्रतिमा का अनावरण आज, आधुनिक हिमाचल निर्माता को मिलेगा ऐतिहासिक सम्मान

10 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का दावा

शेयर करें:

Raja Virbhadra singh

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय नेताओं में शुमार स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृतियों को अमर करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

आज होगा भव्य अनावरण समारोह

यह वही स्थान है जहां आज़ादी से पहले की ब्रिटिश धरोहर और राज्य के इतिहास की गवाही देती प्रतिमाएं मौजूद हैं। इसी विरासत में अब वीरभद्र सिंह का नाम भी स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।

 

यह भी पढ़ें : सोनिया गांधी-प्रियंका वाड्रा पहुंची शिमला, स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में होंगी शामिल

पार्टी के वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह समारोह के मुख्य आयोजकों में शामिल हैं। आयोजन में कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय समारोह के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

सोनिया गांधी करेंगी प्रतिमा का अनावरण

सोनिया गांधी के हाथों सुबह 10 बजे स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस दौरान सोनिया गांधी जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का ऐतिहासिक फैसला: बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा

वीरभद्र समर्थकों में उत्साह

वीरभद्र सिंह को हिमाचल की राजनीति में एक जननायक के रूप में जाना जाता है। उनके समर्थकों के लिए यह अनावरण सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भावनाओं से जुड़ा विशेष क्षण है। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्र से लोग शिमला पहुंचेंगे।

 

जानकारी के अनुसार पंचायत स्तर पर भीड़ जुटाने की योजना के तहत प्रत्येक पंचायत से 50 से 100 समर्थकों को आयोजन स्थल तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम वार्डों से भी लोगों को लाने की व्यवस्था की गई है। परिवहन और भोजन की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और पार्टी संगठन के पास है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सीधी भर्ती- ना ग्राउंड, ना लिखित परीक्षा; 24 हजार तक मिलेगी मंथली सैलरी

6 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा

प्रतिमा को रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में स्थापित किया गया है। यहीं पर पहले से महात्मा गांधी, डॉ वाईएस परमार, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसी महान हस्तियों की प्रतिमाएं स्थापित हैं। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा 6 फुट ऊंची और 650 किलोग्राम वजनी है। इसे विशेष ब्रॉन्ज मिश्र धातु से नोएडा में तैयार किया गया है ताकि यह मौसम के प्रभावों से सुरक्षित रहे और वर्षों तक उनकी विरासत को संजोए रखे।

तीन बार टला, चौथी बार तय हुआ...

जून 2025 में प्रतिमा को स्थापित कर दिया गया था, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के कारण कार्यक्रम तीन बार टल गया। 23 जून को वीरभद्र जयंती पर अनावरण की योजना थी] लेकिन कांग्रेस हाईकमान के कारण तारीख 15 जुलाई कर दी गई। इसके बाद भारी बारिश और भूस्खलन के चलते इसे फिर से स्थगित करना पड़ा। अंततः अब 13 अक्टूबर 2025 को आयोजन की अंतिम तारीख तय की गई है।

यह भी पढ़ें : कल होगा स्व. वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण समारोह : निजी बस ऑपरेटर करेंगे हड़ताल, जानें क्यों

वीरभद्र सिंह: एक नेता, एक विजन

वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून 1934 को सराहन में हुआ। बुशहर रियासत के शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को एक नई दिशा दी। उन्होंने छह बार मुख्यमंत्री रहकर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास को अभूतपूर्व गति मिली। वह धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करने वाले देश के पहले सीएम थे और कांग्रेस में रहते हुए भी राम मंदिर निर्माण के प्रबल समर्थक रहे। उनकी स्वतंत्र सोच और विकास के विजन ने उन्हें जनता के दिलों में अमर कर दिया।

राजनीतिक विरासत को मिला नया आयाम

वीरभद्र सिंह का निधन 8 जुलाई 2021 को हुआ था, लेकिन उनकी राजनीतिक विरासत आज भी जिंदा है। उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं, जबकि बेटा विक्रमादित्य सिंह सरकार में मंत्री हैं। रिज मैदान पर लगी प्रतिमा उनकी उस विचारधारा की प्रतीक होगी, जिसने छोटे राज्य हिमाचल को बड़े विजन के साथ विकसित किया।

यह भी पढ़ें: डिप्टी CM की अधिकारियों को चेतावनी: काम में देरी- राजनीति करने वालों को बख्शूंगा नहीं, सुधर जाएं

रिज मैदान बनेगा श्रद्धांजलि का केंद्र

रिज मैदान की इस प्रतिमा के साथ वीरभद्र सिंह का नाम अब हमेशा के लिए उस विरासत का हिस्सा बन जाएगा जो हिमाचल की पहचान रही है। यह प्रतिमा न केवल एक नेता को सम्मानित करने का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके विकास मॉडल और विजन की याद दिलाती रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख