#विविध
February 5, 2025
हिमाचल में बिना दुल्हन के लौटी थी बारात, अब खर्चा देने से मुकर रही बिचौलन भाभी
हंसी का पात्र बना दूल्हा और बाराती
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बिना दुल्हन के लौटी बारात का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। करीब एक हफ्ता पहले हुई इस घटना ने तूल पकड़ लिया है। अब एक बार फिर इस मामले में बड़ा ड्रामा हुआ है। बिचौतन भाभी अब पीड़ित परिवार और देवर को धमकी दे रही है। साथ ही शादी का खर्चा देने में भी आनाकानी कर रही है।
दरअसल, बिचौलन भाभी ने पीड़ित परिवार को शादी पर खर्च हुए 5 लाख 86 हजार रुपए सोमवार तक लौटाने का वादा किया था। मगर बिचौलन ने सोमवार तक एक रुपया भी नहीं लौटाया। ऐसे में मामले में फिर विवाद खड़ा हो गया।
पीड़ित परिवार ने बीते कल फिर से मामला पंचायत में उठाया। इसे लेकर पंचायत में हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ और पंचायत ने बिचौलन भाभी की गाड़ी जब्त कर ली। इसके बाद मौके पर वाद-विवाद शुरू हो गया। माहौल इतना बिगड़ गया कि बिचौलन महिला ने अपनी जान देने की धमकी तक दे दी। मामले को शांत करने के लिए मौके पर पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस टीम के समक्ष बिचौलन महिला ने तीन महीने में पीड़ित परिवार को सारे पैसे लौटाने का वादा किया है। जबकि, 2 लाख रुपए तक की रकम 24 फरवरी को देने का वादा किया है। फिलहाल, पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में बिचौलन महिला की ऑल्टो गाड़ी को अमानत के तौर पर रख लिया गया है।
गौरतलब है कि हरोली क्षेत्र के सिंगा गांव में बीते मंगलवार को एक दूल्हा बने युवक के साथ बड़ा खेला हो गया। दूल्हा बनकर युवक अपनी दुल्हनियां को लेने के लिए जिस गांव में पहुंचा, वहां ना तो दूल्हे को अपनी दुल्हनियां मिली और ना ही उसका घर। इस सारे मामले में दूल्हा और बारात हंसी का पात्र बन गई और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र के नारी गांव से एक दूल्हा बारातियों के साथ हरोली क्षेत्र से सिंगा गांव में पहुंचा। सिंगा गांव के लोग इस बारात को देख कर सोच में पड़ गए। सिंगा गांव के लोगों ने जब दूल्हे और उसके साथ आए बारातियों को बताया कि उनके गांव में किसी भी लड़की शादी नहीं हैं तो कोई भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पाया। उन्होंने दूल्हन की फोटो दिखाई तो ग्रामीणों ने साफ कहा कि यह लड़की तो हमारे गांव की नहीं है। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए।
इस सब के बीच शादी की बिचौलिया नारी गांव की महिला मनु पत्नी राजीव भी गाड़ी से उतरी और कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि शादी इसी गांव में है। मैं लड़की के घर का पता करके आती हूं कह कर महिला मनु अपने पति के साथ गाड़ी में बैठ कर वहां से रवाना हो गई। जब महिला काफी देर तक वापस नहीं आई तो ग्रामीणों के साथ-साथ बारातियों को भी शक हुआ।
जब बारातियों ने महिला को फोन लगाया तो महिला ने एक अजीबो-गरीब ड्रामा रच दिया। इस महिला ने बताया कि दुल्हन ने जहर निगल लिया है और उसे पंजाब के नवांशहर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला की बातों पर लोगों को शक हुआ तो उन्होंने महिला को घेर कर वापस सिंगा गांव ले आए। इसके बाद बारातियों और बिचौलिया महिला के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा।
विवाद को गहराते देख सिंगा गांव के लोगों ने पुलिस को बुला लिया। बताया जा रहा है कि जिस महिला ने रिश्ता करवाया था वह भी दूल्हे की ही रिश्तेदार है। वह महिला भी बार-बार इसी गांव के युवक का नाम ले रही है कि रिश्ता करवाने में वह शामिल है। बिचौलिया महिला और बारातियों के बीच शाम तक विवाद चलता रहा और आखिर कार दूल्हे को बारात के साथ बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। इस सारी घटना की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है।
वहीं, जब मामला पंचायत तक पुहंचा तो बिचौलन ने पीड़ित परिवार को शादी का खर्चा 5.86 लाख रुपए देने का वादा किया था। मगर महिला बाद में वहां नहीं पहुंची। ऐसे में कल पंचायत बिचौलन के घर पहुंच गई। बिचौलन ने पैसों का इंतजाम ना होने का हवाला देकर बात को टालमटोल कर दिया। इसी को लेकर पंचायत ने उसकी ऑल्टो गाड़ी को पीड़ित परिवार के पास अमानत के तौर पर रख लिया।