#यूटिलिटी
February 5, 2025
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से खिले किसानों-बागबानों के चेहरे, सूखे से मिली राहत
आंधी और बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीती रात से बर्फबारी हो रही है। जबकि, निचले क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो रही है। बारिश-बर्फबारी होने से किसानों-बागवानों को सूखे से कुछ राहत मिली है।
बारिश-बर्फबारी होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। पर्यटन नगरी मनाली और अटल टनल में सुबह 4 बजे से स्नोफॉल जारी है। अटल टनल के दोनों छोर में बर्फबारी होने से पुलिस प्रशासन ने सैलानियों व आम लोगों को इस तरफ आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर तक बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। मौसम विभाग की मानें तो आज प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर भागों में अच्छी बारिश और बर्फबारी के अलावा आंधी और बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि, 6 और 7 फरवरी को मौसम साफ होगा। मगर 8 फरवरी को फिर से बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आज के लिए ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और चंबा में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। जबकि, लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में आसमानी बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।
आपको बता दें कि सूबे के ज्यादातर भागों में रात को अच्छी बारिश भी हुई है। शिमला के नारकंड़ा, खड़ापत्थर और कुफरी में हल्का हिमपात हुआ है। जबकि, शिमला शहर में आधी रात में ओलावृष्टि हुई है। हालांकि, बर्फबारी के बाद सड़कों पर फिसलन काफी पढ़ गई है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय वाहन चालकों को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ना जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ दो दिन तक एक्टिव रहेगा, जिसका असर पूरे हिमाचल प्रदेश पर दिखेगा। हालांक, प्रदेश भर में कम बारिश से सूखे जैसे हालात बन चुके हैं। मगर कल से हो रही बारिश किसानों और बागवानों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। वहीं बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 14 पदों पर की भर्ती, 10 पर CM, स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के जिला के लोग चयनित
वहीं, इस बार बाहरी राज्यों से आने वाले लाखों पर्यटकों को मायूसी हाथ लगी थी। पर्यटक बर्फबारी देखने के लिए हिमाचल आते हैं। मगर इस बार बहुत कम बर्फबारी होने से पर्यटक मासूस हो रहे हैं। हालांकि, दो दिन मौसम खराब रहने से भारी बर्फबारी की उम्मीद है। जिससे हिमाचल पहुंचे सैलानियों के चेहरों पर भी रौनक लौटेगी।