#विविध
December 21, 2025
ठंड कि गिरफ्त में पूरा हिमाचल: आज होगी बारिश-बर्फबारी, बादलों से ढके पहाड़
दिसंबर आधा बीता, बादल आए मगर बरसे नहीं
शेयर करें:

शिमला। दिसंबर का महीना अपने आधे सफर पर पहुंच चुका है, लेकिन हिमाचल की पहाड़ियों पर अब तक न तो बर्फ की सफेदी दिखी है और न ही बारिश की राहत। सूखे मौसम ने जहां किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं पर्यटन कारोबार भी मौसम के बदले मिज़ाज का इंतजार कर रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों के लिए हल्के बदलाव का संकेत दिया है, जिससे ठंड के तेवर अब और तेज होने के आसार हैं।
बता दें कि आज और 22 दिसंबर को मौसम में हल्का सा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इन दो दिनों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊपरी क्षेत्रों में इसका असर दिख सकता है। हालांकि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। 23 दिसंबर के बाद प्रदेश भर में मौसम के फिर से साफ होने के आसार हैं, लेकिन इसके साथ ही ठंड का असर बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें :धर्मशाला लैंड स्कैम में अब ED की एंट्री: नेता-बिजनेसमैन सब नपेंगे, ब्लैक मनी से जुड़े तार
लगातार बने ड्राई स्पेल ने किसानों, बागवानों और पर्यटन कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर महीने में अब तक प्रदेश के सभी जिलों में शून्य वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 100 प्रतिशत कम है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर बने हुए हैं। यही कारण है कि बादल तो बन रहे हैं, लेकिन उनसे पर्याप्त बारिश या बर्फबारी नहीं हो पा रही है। शिमला समेत कई क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन व्यापक मौसम बदलाव के संकेत फिलहाल नहीं हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिन मां-बाप पशुओं संग झोंपड़ी में रहने को मजबूर 4 मासूम, अब CM सुक्खू बनेंगे इनका सहारा
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोलन में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 24 दिसंबर के बीच बिलासपुर जिले के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छा सकता है। इस दौरान विजिबिलिटी कम होने की आशंका है। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सर्द और शुष्क मौसम जारी रहेगा।