#विविध
February 16, 2025
हिमाचल का रोहित 45 लाख कर्ज उठाकर गया था अमेरिका, बेड़ियों में हुआ डिपोर्ट
परिवार पर था पहले से कर्ज, उसे उतारने के लिए और कर्ज लेकर भेजा था विदेश
शेयर करें:

इंदौरा (कांगड़ा)। अवैध तरीके से अमेरिका में घुसे लोगों को डिपोर्ट कर रहा है। अब तक दो जत्थों में 200 से अधिक भारतीयों को भी अमेरिका डिपोर्ट कर चुका है। डिपोर्ट किए जाने वालों में हिमाचल का एक युवक भी शामिल है। यह युवक हिमाचल के कांगड़ा जिला का रहने वाला है और 45 लाख कर्ज उठाकर यह डंकी तरीके से अमेरिका पहुंचा था।
कांगड़ा जिला की तहसील इंदौरा के तहत आते मिलवां का रोहित पुत्र स्वर्गीय बलविंद्र अभी कुछ माह पहले ही अमेरिका पहुंचा था। लेकिन अब उसे अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। रोहित के डिपोर्ट करने की सूचना मिलते ही मानों परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो। रोहित की बहन ने बताया कि उनके पिता चाय की रेहड़ी लगाते थे, लेकिन उनकी कैंसर से मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : किराए के मकान में रहता था बुजुर्ग, दुकान में पड़ा मिला- थम चुकी थी सांसे
रोहित की बहन ने बताया कि उनका बड़ा भाई रोमानिया में रह रहा है। घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। हमने कर्ज लेकर घर बनाया। उसके बाद मेरी शादी के लिए भी कर्ज उठाना पड़ा। पिता की मौत के बाद कर्ज उतारने के लिए परिवार ने छोटे भाई रोहित को भी विदेश भेजने की सोची। जिसके लिए अमृतसर के एक एक ट्रैवल एजेंट से बात हुई।
ट्रैवल एजेंट से बात करने के बाद हमने ठाकुरद्वारा व मुकेरियां के बैंकों से कर्ज लिया और कुछ पैसे रिश्तेदारों से एकत्रित कर 45 लाख इक्ट्ठे किए और रोहित को अमेरिका में पहुंचाने की एजेंट से बात फाइनल हो गई। रोहित की बहन ने बताया कि एक साल पहले एजेंट ने रोहित को अमृतसर बुलाया और एक सप्ताह वहां रखने के बाद उसे दुबई भेज दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का जवान ड्यूटी पर हुआ शहीद, पत्नी की गोद में है डेढ़ साल का बेटा
दुबई में रोहित को आठ माह तक बैठाए रखा, उसके बाद तीन से चार देशों से होते हुए रोहित को मैक्सिको पहुंचा दिया और फिर एजेंट का फोन आया कि 4 लाख रुपए और मेरे खाते में डालो आगे गारंटर को देने हैं। उसके बाद दो बार चार चार लाख रुपए एजेंट को दिए। जबकि उसने 34 लाख रुपए पहले ही ले लिए थे। उसके कुछ समय बाद एजेंट ने फोन कर कहा कि अब मुझे फोन मत करना और उसके बाद एजेंट ने कभी फोन नहीं उठाया।
रोहित की बहन ने बताया कि परिवार पर पहले से ही कर्जा था, उसके बाद भाई को विदेश भेजने के लिए और कर्जा उठाया। लेकिन अब रोहित की घर वापसी से परिवार दुखी है। रोहित की बहन व मां ने कहा कि लाखों का कर्ज अब वे कैसे वापस करेंगे। विधवा मां व बहन का रो.रोकर बुरा हाल है। केंद्र व प्रदेश सरकार से आग्रह है कि उनकी अधिक से अधिक आर्थिक मदद की जाए।