#राजनीति
October 12, 2025
सोनिया गांधी-प्रियंका वाड्रा पहुंची शिमला, स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में होंगी शामिल
कल रिज पर सुबह 10 बजे शुरू होगा प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रिज पर कल यानी 13 अक्टूबर को हिमाचल विकास पुरुष और छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित होने वाला है। इस समारोह की मुख्यातिथि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी होंगी। सोनिया गांधी ही स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इस कार्यक्रम के लिए सोनिया गांधी शिमला पहुंच गई हैं।
आज रविवार दोपहर के समय सोनिया गांधी शिमला पहुंची। जहां कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उनका स्वागत किया। इससे पहले करीब सवा एक बजे कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी शिमला स्थित अपने आवास छराबड़ा पहुंच गई हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : युवकों से मिली 6KG से ज्यादा चरस, नई कार में निकले थे सप्लाई करने- चढ़े पुलिस के हत्थे
सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी भी बेटी प्रियंका गांधी के साथ प्रियंका वाड्रा के छराबड़ा स्थित घर में ही रूकेंगी। यहीं से कल सोमवार को वह शिमला के रिज पर आयोजित वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचेंगी। प्रियंका वाड्रा और सोनिया गांधी के अलावा दिल्ली से कुछ अन्य नेता भी इस कार्यक्रम में शाामिल होने के लिए हिमाचल पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम के मंत्र पर सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सरकारी प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
बता दें कि शिमला के रिज पर कल 13 अक्टूबर को स्व वीरभद्र सिंह की प्रातिमा अनावरण समारोह आयोजित होगा। यह समारोह सोमवार सुबह करीब 10 बजे शुरू होगा। इस समारोह को प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय समारोह घोषित किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार समारोह की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। बीते रोज शनिवार को भी सीएम सुक्खू समारोह स्थल पर पहुंचे थे और यहां पर उन्होंने अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को जरूरी निर्देश जारी किए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का ऐतिहासिक फैसला: बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा
बता दें क समारोह की तैयारियों की कमान वीरभद्र के बेटे और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने हाथों में ले रखी थी। विक्रमादित्य सिंह और राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने कार्यक्रम के लिए कई लोगों को निमंत्रण पत्र भेजे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी निमंत्रण दिया जा रहा है। समारोह में भारी भीड़ जुटाने के लिए विक्रमादित्य सिंह ने खुद कई जगह बैठकें कर चुके हैं।
हिमाचल के छह बार सीएम रहे स्व वीरभद्र सिंह का निधन 8 जुलाई 2021 को हुआ था। उनके निधन के बाद से ही शिमला के रिज पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की जा रही थी। अब लगभग 4 साल बाद उनकी प्रतिमा रिज पर स्थापित की गई है। पहले इस प्रतिमा का अनावरण उनकी जयंती पर 23 जून को प्रस्तावित था। परंतु उस समय सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के चलते कार्यक्रम को टाल दिया गया था।