#विविध
October 13, 2025
हिमाचल: दिवाली से पहले खुशखबरी, कर्मचारियों को मिलेगा डीए एरियर और नाइट भत्ता
उपमुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन सात दिन में होगा भुगतान
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय महंगाई भत्ते डीए एरियर की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। सुक्खू सरकार दिवाली से पहले कर्मचारियों को डीए का एरियर देने जा रही है। डीए का एरियर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा उन्हें एक माह का रात्रि भत्ता भी दिवाली के त्यौहार से पहले दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यूनियन के साथ बैठक में यह ऐलान किया है। इस ऐलान से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ;एचआरटीसीद्ध के कर्मचारियों में दिवाली से पहले बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निगम कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझती है और सात से आठ दिनों के भीतर बकाया भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में अन्य वित्तीय लाभों को लेकर भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू बोले: राजा साहब के साथ 30 साल किया काम, उन्ही के दिखाए रास्ते पर चलने का है प्रयास
एचआरटीसी चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बताया कि यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री से विस्तृत बातचीत की। बैठक में वेतन, पेंशन, वित्तीय लाभ और निगम की आर्थिक स्थिति जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन नहीं मिल पा रही थी। उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही निगम की वित्तीय स्थिति सुधरेगी, सभी भुगतान समय पर होंगे।
यह भी पढ़ें : जब विपक्ष के विधायक ने कसा तंज, 'जय हनुमान' बोलकर सबका दिल जीत गए थे पूर्व CM वीरभद्र सिंह
यूनियन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि एचआरटीसी के 50 वर्ष पूरे होने पर 110 करोड़ रुपये देने की घोषणा को जल्द पूरा किया जाए। मान सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि यह राशि जारी हो जाती है, तो निगम कर्मचारियों के लिए दिवाली और अन्य त्यौहारों पर आर्थिक राहत मिल सकेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठा रही है। निगम की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा और रूट प्रबंधन में तकनीकी सुधार किए जाएंगे। बैठक के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। यूनियन ने सरकार का आभार जताया और उम्मीद जताई कि यह कदम निगम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा।