#विविध
May 22, 2025
हिमाचल : मां को सुबह फोन पर किया था घर आने का वादा, देर रात मिला शहादत का पैगाम- आज पहुंचेगी देह
सेना से रिटायर्ड थे पिता, पांच साल पहले कैंसर से हुआ निधन
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश को वीरों की भूमि भी कहा जाता है। यहां का हर वीर अपनी देश भूमि की रक्षा में अपने प्राण तक न्योछावर कर देते है। वहीं पिछले कल कांगड़ा जिला के वीर जवान कारगिल में सेवा के दौरान शहीद हुए है।
थुरल क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले 25 वर्षीय अग्निवीर नवीन कुमार कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी निभाते हुए शहीद हो गए। बीती 20 मई की रात ड्यूटी के दौरान वह लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए थे। आज दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव हलूं पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
20 मई की सुबह नवीन कुमार ने अपनी मां अयोध्या देवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने मां से कहा था कि वे अगले महीने छुट्टी पर फिर आऊंगा, लेकिन रात होते-होते खबर आई कि देश ने एक और जवान खो दिया।
नवीन के पिता भूमि राम भी सेना में थे। 13 जैक राइफल में हवलदार रहे और कैंसर से जूझते हुए पांच साल पहले उनका निधन हो गया। नवीन का सहारा अब सिर्फ मां, दादा-दादी ही थे और अब वही भी अकेले रह गए।
शहीद नवीन अपनी बहन शिवानी के इकलौते भाई थे। बहन की शादी हो चुकी है, लेकिन भाई को खोना उनके लिए जीवन भर का खालीपन छोड़ गया। गांव का माहौल गमगीन है। मां बार-बार बेहोश हो रही हैं।
नवीन के परिवार में उनकी माता अजुध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी, चाचा अशोक कुमार, चाची मंजू देवी और बहनोई मुनीष कुमार शामिल हैं, जो इस अपार क्षति से टूटे हुए हैं। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
थुरल पंचायत प्रधान वंदना कुमारी ने बताया कि कारगिल में तैनात गांव के ही एक अन्य जवान ने सबसे पहले इस दुखद समाचार की जानकारी दी थी। वंदना के अनुसार नवीन मिलनसार और बेहद अनुशासित जवान था, जो हर दिल अजीज था।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नवीन की शहादत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों तक एक ही स्वर गूंज रहा है।