#अव्यवस्था
May 21, 2025
अस्पताल में मरीजों को परोसे गए भोजन में चूहे का मल

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के तहत आते सुंदरनगर स्थित सिविल अस्पताल से बीते कल मंगलवार को एक बेहद चिंताजनक और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां अस्पताल में भर्ती मरीजों को परोसे गए रात्रि भोजन में चूहे का मल पाए जाने से हड़कंप मच गया। जैसे ही यह बात फैली तो मरीजों और उनके परिजनों में आक्रोश की लहर दौड़ गई और कई मरीजों ने तो उल्टियां करनी शुरू कर दीं।
मामले की जानकारी देते हुए मंडी जिला के थुनाग निवासी सतीश कुमार ने मीडिया को बताया कि उनकी पत्नी दीपा देवी ने कुछ दिन पहले ही इस अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था। नवजात को पीलिया होने के कारण मातृ-शिशु वार्ड में भर्ती किया गया था।
मंगलवार की रात जब भोजन के समय उन्हें अस्पताल की ओर से खिचड़ी परोसी गई तो उसमें साफ तौर पर चूहे का मल देखा गया। यह देखकर न केवल उनकी पत्नी ने भोजन करने से इनकार कर दिया बल्कि साथ के अन्य मरीजों ने भी भोजन त्याग दिया और कई की तबीयत बिगड़ने लगी।
सतीश ने सवाल उठाया कि जहां मरीज उपचार के लिए जाते हैं, वहां इस तरह की लापरवाही के कारण उनकी सेहत पर और खतरा मंडराने लगता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन ने क्या कभी भी मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की? अगर नहीं, तो यह सीधा स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
परिजनों और मरीजों ने स्वास्थ्य मंत्री, मंडी स्वास्थ्य विभाग, सीएमओ और सिविल अस्पताल के एसएमओ से इस पूरे प्रकरण में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि दोषी कर्मचारियों और भोजन सप्लाई करने वाले संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोहराई न जा सके।
इस मामले को लेकर सिविल अस्पताल सुंदरनगर के कार्यकारी एसएमओ, डॉ. जितेंद्र रुडकी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें दी गई है और इसकी जांच की जाएगी। यदि लापरवाही सामने आती है तो निश्चित ही उचित कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, यह घटना प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती है कि जहां मरीजों को पोषण और देखभाल मिलनी चाहिए, वहां उन्हें गंदगी और खतरे परोसे जा रहे हैं।