#विविध
August 2, 2025
हिमाचल में एक साथ तीन जगह फटा बादल- पहाड़ दरका, 300 से ज्यादा लोग फंसे
हर ओर फैला मलबे का सैलाब, मची चीख-पुकार
शेयर करें:
लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने राजधानी शिमला समेत राज्य के कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बीते कल एक साथ तीन जगह बादल फटा है।
बादल फटने ने तीनों इलाकों में भारी बाढ़ आ गई। मलबे का सैलाब देखकर लोगों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस दौरान कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ और सैकड़ों वाहन रास्तों में ही फंस गए।
उदयपुर उपमंडल के तिंदी के समीप जंगल कैंप, यांगला और जिस्पा क्षेत्र बादल फटने से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जिस्पा के मरशेन नाला में बादल फटने से सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग घंटों बंद रहा। इस दौरान कई पर्यटक जिस्पा और दारचा के अस्थायी कैंपों में शरण लेने को मजबूर हो गए।
वहीं, अटल टनल रोहतांग के पास धुंधी क्षेत्र में हुए भूस्खलन से मार्ग पर बड़े वाहन पूरी तरह से थम गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से करीब 300 से ज्यादा ट्रक यहां फंसे हुए हैं, जो आवश्यक सामग्री लेकर लेह-लद्दाख की ओर जा रहे थे। भूस्खलन के कारण J&K BSNL की एक गाड़ी भी रास्ते में फंस गई। मगर समय रहते गाड़ी सुरक्षित निकल गई।
लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को बर्फबारी हुई, जबकि शिमला समेत कई अन्य जिलों में दिनभर लगातार बारिश होती रही। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम तक मंडी-कुल्लू मार्ग, भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रदेश में 283 सड़कें, 314 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 221 पेयजल योजनाएं बारिश के कारण प्रभावित रहीं।
आज के लिए मौसम विभाग द्वारा बिलासपुर, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 अगस्त को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगस्त और सितंबर महीने में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
राज्य सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक इस मानसून सीजन में अब तक 176 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 30 लोग बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं में मारे गए हैं। वहीं 36 लोग अभी भी लापता हैं।