#राजनीति
August 2, 2025
राहुल गांधी ने दिल्ली बुलाए CM सुक्खू -मंत्री, ढाई साल के कामकाज का लेंगे हिसाब
CM सुक्खू, उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह को दिल्ली तलब
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अगल हफ्ते दिल्ली में कांग्रेस की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रदेश सरकार और संगठन के सभी प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को इस बैठक के लिए दिल्ली बुलाया गया है।
बता दें कि दिल्ली में 4 अगस्त को बड़ी बैठक बुलाई गई है। ये बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कांग्रेस की सरकार अपने ढाई साल पूरे कर चुकी है और संगठन की राज्य, जिला और ब्लॉक कमेटियां नवंबर 2024 से भंग पड़ी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में नए संगठन का गठन होगा, लेकिन साथ ही सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा भी की जाएगी। राहुल गांधी खुद सरकार और संगठन के बीच तालमेल पर जोर देंगे और सभी मंत्रियों से जवाब भी लिया जाएगा।
बैठक में यह देखा जाएगा कि बीते ढाई साल में सरकार ने कौन-कौन सी योजनाएं शुरू कीं, किन क्षेत्रों में सुधार हुआ और किन मामलों में जनता को राहत मिली। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन मामलों में सरकार पीछे रह गई और उन कमियों को कैसे दूर किया जा सकता है। मंत्री परिषद की कार्यशैली और परफॉर्मेंस पर भी सवाल उठ सकते हैं।
हिमाचल में कई निगमों और बोर्डों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद लंबे समय से रिक्त हैं। बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी और संभावित है कि जल्द इन नियुक्तियों का रास्ता साफ हो जाए। इसके अलावा 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार को दिल्ली पहुंच चुके हैं। 3 अगस्त को वे चंबा के मिंजर मेले में शिरकत करेंगे और फिर 4 अगस्त को दिल्ली में बैठक के लिए वापसी करेंगे। बैठक के बाद वे 5 अगस्त को शिमला लौटेंगे।
शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय बैठक भी दिल्ली में हो रही है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस बैठक में विभिन्न राज्यों में आ रही संविधानिक चुनौतियों और केंद्र-राज्य संबंधों पर भी मंथन होगा। हिमाचल से प्रतिभा सिंह पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं।