#विविध
August 2, 2025
हिमाचल में आया फ्लैश फ्लड, पुल बहा- 4 गांव का संपर्क टूटा, दो ने त्यागे प्राण
लाहौल स्पीति और चंबा में फ्लैश फ्लड, रोड ब्लॉक
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़क धंसने जैसी घटनाएं सामने आई हैं।
लाहौल-स्पीति के जिस्पा में मरशेन नाले और पूहरा नाले में फ्लैश फ्लड आया है। खेतों में मलबा भर गया और उदयपुर-किलाड़ रोड बंद हो गया। इस घटना में एक कार भी बह गई।
मनाली-लेह नेशनल हाईवे लैंडस्लाइड के चलते बंद हो गया है। सोलांगनाला से अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर धुंधी के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह बाधित है। रानीनाला में सड़क धंसने के कारण रोहतांग रोड भी शनिवार सुबह तक के लिए बंद कर दिया गया है।
कांगड़ा जिले में बारिश के चलते दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। गुलेर गांव में 76 वर्षीय कमल किशोर की फिसलने से मौत हो गई, जबकि शाहपुर में चट्टान गिरने से 41 वर्षीय संजीव कुमार की जान चली गई।
सैंज घाटी की गाड़ा पारली पंचायत में पुल और रास्ते बह गए हैं। इससे चार गांवों का आपस में संपर्क कट गया है। लोग पैदल चलने को मजबूर हैं और खाने-पीने की सामग्री की किल्लत शुरू हो गई है।
कांगड़ा, मंडी, शिमला, कुल्लू और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते 289 सड़कें बंद हैं और 346 ट्रांसफॉर्मर काम नहीं कर रहे हैं। किन्नौर में पागल नाला और रुनंग नाले में बाढ़ आने से NH-5 अवरुद्ध हो गया है।
कांगड़ा के सराना गांव में ओम प्रकाश का आठ कमरों का मकान गिर गया। धर्मशाला के जमली गांव में भी कई घर ढहने की खबर है। कई पशुओं की मौत हुई है और प्रशासन ने गांव को खाली करवा लिया है।
यह भी पढ़ें : लॉटरी पर गरमाई सियासत: जयराम बोले- प्रदेश को बर्बादी की तरफ धकेल रही सुक्खू सरकार
शिमला में अब तक 71% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जबकि मंडी में 65% और हमीरपुर में 33% ज्यादा बारिश हुई। कुल्लू, सिरमौर, बिलासपुर, ऊना और सोलन में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा में सामान्य से कम बारिश हुई है।
मानसून सीजन में अब तक 170 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 30 मौतें बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन से हुई हैं। 36 लोग लापता हैं। बारिश के चलते राज्य में 1599 करोड़ रुपए की निजी और सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है।