#विविध

July 16, 2025

हिमाचल : आज घर पहुंचेगी जवान पुष्पेंद्र की पार्थिव देह, 6 वर्षीय मासूम के सिर से उठा पिता का साया

शहीद की पत्नी और मां बेसुध, पिता के नहीं थम रहे आंसू

शेयर करें:

 Naik Pushpendra Negi

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश का एक और जवान देश के लिए शहीद हो गया है। दुखद बात यह है कि बीते कल यानी मंगलवार को हिमाचल ने अपने दो जवानों को खो दिया है। कल सुबह पहले कांगड़ा जिला के बैजनाथ का जवान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शहीद हुआ। फिर देर शाम किन्नौर जिले के 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र नेगी के असम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने की सूचना आई। जवानों की शहीद होने की खबर मिलते ही दोनों परिवार सहित गांव में मातम पसर गया है। 

29 साल की उम्र में शहीद हुआ जवान 

शहीद 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र नेगी हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की सांगला तहसील के छोटे से गांव थैमगारंग के रहने वाले थे। वह 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे और इस समय असम में ड्यूटी दे रहे थे। उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही न सिर्फ उनके गांव बल्कि पूरे किन्नौर जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान को UP में मिली शहादत, छुट्टी आने का इंतजार कर रहा था परिवार

जवान पर गिरी पेड़ की टहनी 

जानकारी के अनुसार, नायक पुष्पेंद्र असम में ड्यूटी के दौरान अचानक आई तेज हवाओं के बीच पेड़ की भारी टहनी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई। सेना ने कल देर शाम यह दुखद समाचार पुष्पेंद्र के परिवार को फोन पर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

छह साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

नायक पुष्पेंद्र की मौत से उनके घर में पिता महेंद्र सिंह नेगी, माता सरला देवी, पत्नी कीर्ति नेगी और छह वर्षीय बेटे एतिक को गहरा आघात लगा है। गांव में हर आंख नम है, और परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। उनके घर पर लगातार लोगों का तांता लगा हुआ है, जो इस अपूरणीय क्षति पर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज फिर तेज बारिश का अलर्ट जारी, आने वाले तीन दिनों में बिगड़ सकते हैं हालात

सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

पंचायत थैमगारंग की प्रधान मनोहर देवी और उपप्रधान दीप कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र का पार्थिव शरीर असम से दिल्ली, फिर चंडीगढ़ लाया जाएगा। वहां से सेना की विशेष गाड़ी के माध्यम से उनके पैतृक गांव थैमगारंग लाया जाएगा। गांव पहुंचने पर उन्हें सेना की ओर से पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आज शहीद पुष्पेंद्र की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंचेगी।

 

यह भी पढ़ें : सड़क से लुढ़की जीप 150 मीटर नीचे नदी में गिरी, 8 लोगों की मौके पर ही थम गई सांसें; 13 थे सवार

कांगड़ा का जवान भी हुआ शहीद

बता दें कि आज मंगलवार को ही कांगड़ा जिला का भी एक जवान ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया है। यह जवान कांगड़ा के बैजनाथ के छोटे से धरेड़ गांव का रहने वाला था। 45 वर्षीय जवान रमेश कुमार वर्तमान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एसएसबी में तैनात थे। जवान रमेश की मौत हार्ट अटैक से हुई बताई जा रही है। रमेश की देह भी आज उनके पैतृक गांव में पहुंच सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख