#विविध
July 17, 2025
हिमाचल : आज घर पहुंचेगी शहीद पुष्पेंद्र की पार्थिव देह, पिछले दो दिन से इतंजार कर रहे परिजन
शहीद की पत्नी और मां बेसुध, पिता के नहीं थम रहे आंसू
शेयर करें:
रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के वीरगति हासिल करने वाले 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र नेगी की पार्थिव देह आज उनके घर पहुंचेगी। पुष्पेंद्र के परिजन मंगलवार से बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं- ताकि वो आखिरी बार अपने लाडले को जी भर के निहार सकें।
दुखद बात यह है कि मंगलवार को हिमाचल ने अपने दो जवानों को खो दिया है। कल सुबह पहले कांगड़ा जिला के बैजनाथ का जवान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शहीद हुआ। फिर देर शाम पुष्पेंद्र नेगी के असम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने की सूचना आई। जवानों की शहीद होने की खबर मिलते ही दोनों परिवार सहित गांव में मातम पसर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान को UP में मिली शहादत, छुट्टी आने का इंतजार कर रहा था परिवार
शहीद 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र नेगी हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की सांगला तहसील के छोटे से गांव थैमगारंग के रहने वाले थे। वह 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे और इस समय असम में ड्यूटी दे रहे थे। उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही न सिर्फ उनके गांव बल्कि पूरे किन्नौर जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, नायक पुष्पेंद्र असम में ड्यूटी के दौरान अचानक आई तेज हवाओं के बीच पेड़ की भारी टहनी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई। सेना ने मंगलवार देर शाम यह दुखद समाचार पुष्पेंद्र के परिवार को फोन पर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नायक पुष्पेंद्र की मौत से उनके घर में पिता महेंद्र सिंह नेगी, माता सरला देवी, पत्नी कीर्ति नेगी और छह वर्षीय बेटे एतिक को गहरा आघात लगा है। गांव में हर आंख नम है, और परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। उनके घर पर लगातार लोगों का तांता लगा हुआ है, जो इस अपूरणीय क्षति पर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पंचायत थैमगारंग की प्रधान मनोहर देवी और उपप्रधान दीप कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र का पार्थिव शरीर असम से दिल्ली, फिर चंडीगढ़ लाया जाएगा। वहां से सेना की विशेष गाड़ी के माध्यम से उनके पैतृक गांव थैमगारंग लाया जाएगा। गांव पहुंचने पर उन्हें सेना की ओर से पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आज शहीद पुष्पेंद्र की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें : सड़क से लुढ़की जीप 150 मीटर नीचे नदी में गिरी, 8 लोगों की मौके पर ही थम गई सांसें; 13 थे सवार
बता दें कि मंगलवार को ही कांगड़ा जिला का भी एक जवान ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया है। यह जवान कांगड़ा के बैजनाथ के छोटे से धरेड़ गांव का रहने वाला था। 45 वर्षीय जवान रमेश कुमार वर्तमान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एसएसबी में तैनात थे। जवान रमेश की मौत हार्ट अटैक से हुई बताई जा रही है। रमेश की देह भी आज उनके पैतृक गांव में पहुंच सकती है।