#विविध
January 8, 2026
हिमाचल में ठंड का कहर: 4 जिलों में शीतलहर,जानिए कब होगी बारिश-बर्फबारी
हिमाचल में कोल्ड वेव और कोहरे का डबल अटैक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में जनवरी की ठंड अब सिर्फ सर्दी नहीं, बल्कि चुनौती बनती जा रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानी जिलों तक कंपकंपा देने वाली ठिठुरन है, तो दूसरी तरफ घना कोहरा लोगों की रफ्तार रोक रहा है। मौसम का यह बदला मिज़ाज अब अलर्ट के दायरे में आ गया है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों चंबा, मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट दिया गया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी नीचे जा सकती है।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर संशय बरकरार, हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला; जानें क्या बोली सुक्खू सरकार
प्रदेश में कोहरा और शीतलहर एक साथ असर दिखा रहे हैं। इसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ रहा है। सुबह और रात के समय सड़कों पर चलना जोखिम भरा हो गया है, वहीं ठंड के कारण पहाड़ी इलाकों में पानी की पाइपलाइनें जमने लगी हैं। मैदानी क्षेत्रों में धूप न निकलने से ठंड और ज्यादा चुभने लगी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल के 24 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच चुका है। इनमें से 9 शहर ऐसे हैं जहां पारा शून्य से नीचे चला गया है। लगातार गिरते तापमान के चलते लोग दिनभर अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फिर हुई फजीहत... इस बार 50 हजार की लगाई कास्ट, जानें क्यों
लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कुकुमसेरी में पारा माइनस 9.2 डिग्री तक पहुंचा। कल्पा में माइनस 5.2, नारकंडा में माइनस 2.9, मनाली में माइनस 1.4 और कुफरी में माइनस 1.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार लाहौल-स्पीति के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस 15 डिग्री तक चला गया है, लेकिन मौसम केंद्र न होने के कारण वहां का आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो पाता।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का अनोखा झोटा : लाखों में कीमत- जय श्री राम सुनते ही करता है दंडवत प्रणाम
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले छह दिन तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान न तो बारिश और न ही बर्फबारी के कोई आसार हैं। इसका मतलब साफ है कि आने वाला एक हफ्ता “सूखी ठंड” लेकर आएगा। पहाड़ों में बर्फ न गिरने से ठंड तेज रहेगी और मैदानी इलाकों में कोहरे की परेशानी और बढ़ सकती है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और सुबह-शाम यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।