#विविध

December 17, 2025

दिसंबर में हिमाचल गर्म- पहाड़ों से गायब है चांदी, आखिर कब होगी बारिश-बर्फबारी; जानें

तीन दिन बाद ऊंची चोटियों पर बर्फ के आसार

शेयर करें:

himachal news

शिमला। दिसंबर के तीसरे सप्ताह में जहां हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी की उम्मीद रहती है, वहीं इस बार मौसम बिल्कुल उलट तस्वीर पेश कर रहा है। प्रदेश में लंबे समय से बारिश और हिमपात न होने के कारण तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि तीन दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

19 से बर्फबारी के आसार

प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम के मिज़ाज में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 19 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 19 और 20 दिसंबर को चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिले की अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा और 21 दिसंबर से पूरे प्रदेश में फिर से मौसम साफ हो जाएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों को सुप्रीम कोर्ट से राहत- नहीं कटेंगे सेब के बगीचे, HC का फैसला रद्द

ऊंची चोटियों पर बर्फ, बाकी इलाकों में साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक संभावित बर्फबारी का असर केवल अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। शिमला, कुफरी और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इस सप्ताह हिमपात के आसार नहीं हैं, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को फिलहाल निराशा हाथ लग सकती है।

मंडी और बिलासपुर में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंडी और बिलासपुर जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। आज सुबह 10 बजे तक इन क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच सकती है। खासतौर पर मंडी की बल्ह घाटी, सुंदरनगर और बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के इलाकों में कोहरे के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंचे छत्रधारी चालदा महासू ने करवाया दिव्य उपस्थिति का एहसास, युवती में आई देव शक्ति

पहाड़ों में बढ़ा तापमान

प्रदेश में बारिश और बर्फबारी से पहले तापमान में असामान्य उछाल देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों को छोड़कर मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड कमजोर पड़ी हुई है। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक होकर 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मनाली का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री अधिक होकर 4.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

कुफरी-नारकंडा में भी नहीं जमी सर्दी

आमतौर पर दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कुफरी और नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। कुफरी का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री और नारकंडा का 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे सर्दी का असर कमजोर नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने धारा 118 संशोधन का विरोध करने वालों को ही दे दी जिम्मेदारी, कमेटी के बनाए सदस्य

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक चल रहा है। कल्पा में सबसे ज्यादा 8.3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धर्मशाला का तापमान सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा होकर 25 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 25.6 डिग्री और सोलन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार यदि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर ही रहा तो आने वाले दिनों में ठंड और बर्फबारी का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख