#विविध
January 18, 2026
हिमाचल में आज रात बदलेगा मौसम : कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, सूखे से मिलेगी राहत
हिमाचल में आज रात से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चला आ रहा शुष्क मौसम अब बदलाव की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। पहाड़ों पर सूखे और लगातार ठंड के बीच लोगों को जिस बारिश और बर्फबारी का इंतजार था, वह जल्द खत्म होने वाला है।
मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्य व निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इससे न केवल सूखे जैसे हालात से राहत मिलने की उम्मीद है, बल्कि किसानों, बागवानों और जल स्रोतों के लिए भी यह बदलाव अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की यह महिला... 5 साल से घर से बेच रही थी नशा, बड़ी खेप के साथ हुई अरेस्ट
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में ठंड का असर साफ देखने को मिला। ताबो सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में माइनस 1.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा धर्मशाला, बिलासपुर, सोलन और ऊना में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुलिस को देख बच्चों से भरी स्कूल बस को भगा ले गया चालक, रोते चिल्लाते रहे मासूम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 19 जनवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा। इसके प्रभाव से 22 जनवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। वहीं 23 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा के ऊपरी क्षेत्र, कुल्लू और शिमला जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मध्य पर्वतीय और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। 23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का दायरा और बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार ने छीन लिया एक और बेटा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने तोड़ा दम
बारिश और बर्फबारी से पहले न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है और दुर्गम क्षेत्रों में बर्फ जमने से आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग ने अभी किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन भी मौसम के संभावित बदलाव को देखते हुए हालात पर नजर बनाए हुए है।