#विविध

August 31, 2025

सावधान हिमाचल ! फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी- 7 जिलों के लिए अगले 24 घंटे भारी

3 जिलों में ऑरेंज और 4 में यलो अलर्ट जारी

शेयर करें:

Himachal Weather Today

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश इस समय लोगों के लिए आफत बनकर बरस रही है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने एक बार फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

फिर भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि, शिमला, मंडी, सोलन और सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट जारी रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : आपदा में फंसे मणिमहेश यात्रियों को परवेज अली ने दिया सहारा, 200 श्रद्धालुओं को ठहराया

रातभर बरसी बारिश, नुकसान का सिलसिला जारी

प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार रातभर तेज बारिश होती रही। लगातार बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं और सड़कें टूट रही हैं। लोगों को जहां-तहां फंसने की नौबत आ रही है।

चंबा में सभी विभाग अलर्ट पर

चंबा जिला प्रशासन ने आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। डीसी चंबा ने आदेश जारी कर PWD, बिजली बोर्ड, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निगम, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य, आयुष और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की रविवार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अधिकारियों-कर्मचारियों को आपदा राहत और बचाव कार्यों में युद्ध स्तर पर जुटने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : राहत सामग्री लेकर चंबा पहुंचे CM सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

सड़कों की हालत बदतर

  • लगातार भूस्खलन और बारिश से राज्यभर में यातायात ठप हो गया है।
  • चंडीगढ़-मनाली फोरलेन फिर से मंडी के झलोगी के पास बंद हो गया है।
  • शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे भी निगुलसरी और नाथपा स्लाइड प्वाइंट पर अवरुद्ध पड़ा है।
  • प्रदेश में अब तक 3 नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें यातायात के लिए बंद हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू बोले- हेलिकॉप्टर से निकाले जाएंगे श्रद्धालु, हर हाल में सुरक्षित घर पहुंचाएंगे

इससे न केवल लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि सेब सीजन भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। सेब से भरे ट्रक और छोटे वाहन गांवों में फंसे हुए हैं, जिससे बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

प्रभावित परिवारों से मिलेCM

CM सुखविंदर सिंह सुक्खू आज आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए कुल्लू पहुंचेंगे। इससे पहले वे चंबा का दौरा कर चुके हैं। कुल्लू के मनाली क्षेत्र में CM प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और प्रशासन के साथ स्थिति की समीक्षा बैठक करेंगे। देर शाम तक उनके शिमला लौटने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : HPTDC के 13 होटलों की बंद हुई ऑनलाइन बुकिंग, क्या निजी हाथों में सौंपने की है तैयारी?

ट्राइबल जिला किन्नौर में नया नियम

बार-बार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए किन्नौर प्रशासन ने नया आदेश जारी किया है। अब जिले में रात 8 बजे से सुबह 5:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। खासकर निगुलसरी और नाथपा ब्लॉक प्वाइंट पर बार-बार पहाड़ी से पत्थर गिरने और लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

नदियों-नालों से रहें दूर

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों-नालों के किनारे न जाएं। आने वाले दो दिनों तक मौसम की स्थिति और बिगड़ सकती है, ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। इस मानसून सीजन ने अब तक हिमाचल को गहरी चोट दी है। सैकड़ों सड़कें ठप, सेब सीजन बाधित और लोगों की जिंदगी असुरक्षित—यह तस्वीर बताती है कि बरसात इस बार सिर्फ बरस नहीं रही, बल्कि तबाही ढा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख