#विविध
September 3, 2025
हिमाचल में दो कुत्तों ने बचाई कई जिंदगियां, पहाड़ खिसकता देख भौंक-भौंक कर लोगों को जगाया
समय रहते अपने घरों से बाहर निकले लोग
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश में आई आपदा में लोगों को कुछ समझ पाने का समय ही नहीं लग रहा कि वो अपनी सुरक्षा कर पाएं। ऐसे में कुत्तों के कारनामे सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में मंडी शहर के पड्डल वार्ड में कुत्तों ने इंसानों को लैंडस्लाइड से आगाह किया। इससे पहले भी जून के महीने में पालतू कुत्ते ने भौंक-भौंककर इलाके में आई प्राकृतिक आपदा से अपने मालिक और अन्य लोगों को चेताया था।
पड्डल वार्ड के योगेश बताते हैं कि उनके मकान के पास पहाड़ से पत्थर और मलबा गिर रहा है। इससे मकान को खतरा बना हुआ है। वो बताते हैं कि सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे उनकी पालतू कुतिया और मोहल्ले की एक दूसरी कुतिया ने लगातार भौंकना शुरू किया।
योगेश बताते हैं कि दोनों जानवरों के भौंकने के बाद वे घर से निकलकर छत पर गए तो देखा कि पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो रहा है। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को घरों से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों की तरफ भागे।
योगेश कहते हैं कि पिछले कुछ दिनों से घर के पीछे लगातार लैंडस्लाइड हो रहा है। दोनों कुतियां लगातार भौंक कर हमें सचेत कर रहीं हैं। सोमवार रात भी ये लगातार भौंकती रहीं और सबको सचेत किया।
योगेश कहते हैं कि कुत्तों को पहले से ही किसी भी आपदा का एहसास हो जाता है और इन्हीं की वजह से हम सभी सुरक्षित हैं। योगेश की पालतू कुतिया का नाम मौली है और गली में रहने वाली कुतिया का नाम किट्टू है।
इस मामले से पहले मंडी में 30 जून को ऐसा ही एक मामला सामने आया था। धर्मपुर उपमंडल के स्याठी गांव में पालतू कुत्ते ने भौंककर अपने मालिक को जगाया जिससे उनका परिवार और गांव के लोग भीषण प्राकृतिक आपदा से बच पाए।