#विविध
December 4, 2025
हिमाचल में आज रात करवट लेगा मौसम: होगी बारिश-बर्फबारी, घने कोहरे का भी अलर्ट जारी
शिमला से ज्यादा ठंड मैदानी इलाकों में, कई शहरों में तापमान 5°C से नीचे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठंड इस समय अपने चरम पर है और राज्य के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड गिरावट की ओर बढ़ रहा है। आसमान में हल्के बादल सूरज की रोशन को रोक रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में तापमान में आई गिरावट से स्थानीय लोगों को प्रचंड ठंड का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में प्रदेश के ऊपरी इलाकों के लिए स्नो का अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ आज रात से हिमाचल में सक्रिय होगा। इसके असर से 5 और 7 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन तापमान में और गिरावट का अनुमान है।
इस बार ठंड ने एक अलग दिशा ली है और मैदानी जिले शिमला से भी ज्यादा ठंड झेल रहे हैं। राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 6°C रहा, जबकि सुंदरनगर, भुंतर, पालमपुर, कांगड़ा, हमीरपुर और सोलन जैसे क्षेत्रों में पारा इससे भी नीचे दर्ज किया गया। मनाली का न्यूनतम तापमान 1.9°C और कुल्लू के बजौरा में 2.8°C तक गिर चुका है। ऊना के अधिकतम तापमान में 2.4°C की गिरावट आने के बाद यह 23°C पर आ गया है, जिससे दिन के समय भी सर्दी का असर कम नहीं हो रहा।
कड़ाके की ठंड के बीच कोहरा भी बड़ी समस्या बन गया है। मौसम विभाग ने मंडी, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, सोलन और कांगड़ा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम होने की चेतावनी दी गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है और लोगों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।
लाहौल–स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान –9.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कुकुमसैरी –3.9°C और कल्पा –1.5°C पर जम चुके हैं। प्रदेश के 17 शहर ऐसे हैं जहां न्यूनतम पारा 5°C से नीचे चला गया है, जिससे सुबह और रात के समय शीतलहर की तीव्रता और बढ़ गई है।
इन्हीं मौसम परिस्थितियों के बीच कुल्लू जिला प्रशासन ने बर्फ देखने आए पर्यटकों के लिए रोहतांग पास को 10 दिसंबर तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। सोमवार को भी सीमित समय के लिए पर्यटकों को रोहतांग भेजा गया था, हालांकि मंगलवार और बुधवार को मौसम और सुरक्षा कारणों के चलते पाबंदी लगा दी गई थी। अब मौसम में थोड़ी स्थिरता देखते हुए इसे दोबारा खोल दिया गया है। शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में भी पर्यटकों का आना-जाना बढ़ गया है और सर्दियों के मौसम का आनंद स्पष्ट रूप से दिख रहा है।
ठंड का यह दौर फिलहाल जारी रहेगा और मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है। बर्फबारी के नए दौर से ऊंचाई वाले इलाकों में जहां सर्दी बढ़ेगी, वहीं पर्यटकों की आवाजाही में और इजाफा होने की संभावना है।