#विविध
August 31, 2025
हिमाचल में यहां दरका पहाड़: घरों की दीवारें तोड़ अंदर घुसा मलबा, सब कुछ हुआ तबाह
मलबे से घर के अंदर रखा सारा सामान राशन हुआ बर्बाद
शेयर करें:
जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह जवाली विधानसभा क्षेत्र के कोटला क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। बल्लाह गांव की पहाड़ियों का एक विशाल हिस्सा भारी बारिश के चलते टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे नीचे बसे रिहायशी इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।
बारिश के चलते अचानक हुए भूस्खलन में पहाड़ी से आया मलबा तेज़ गति से बहता हुआ पास के घरों में जा घुसा। मलबे की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उसने घरों की दीवारें तक तोड़ दीं और घर के भीतर रखा पूरा सामान उसमें दब गया। घरेलू वस्तुएं, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज़ और राशन सबकुछ मलबे के नीचे आ गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अभी नहीं थमेगा मौसम का कहर: कल भयंकर बारिश का रेड-ऑरेंज अलर्ट
गनीमत यह रही कि यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब लोग जाग चुके थे। यदि यह घटना रात को होती, जब अधिकतर लोग अपने घरों में सो रहे होते, तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। जैसे ही घटना हुई, प्रभावित परिवारों ने फौरन अपने घर खाली कर दिए और आसपास के सुरक्षित स्थानों या रिश्तेदारों के घरों में शरण ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: NHAI ने इस फोरनेल को जारी किए 100 करोड़ रुपए, सुरंग-फ्लाईओवर से होगा पुनर्निर्माण
केवल घर ही नहीं क्षेत्र की प्रमुख सड़कें भी इस बारिश की चपेट में आ गई हैं। पठानकोट-मंडी फोरलेन जो कोटला क्षेत्र से होकर गुजरती है बीच से फट गई और वहां जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। सड़क पर आवाजाही पूरी तरह से ठप हो चुकी है, जिससे आमजन और यातायात दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोटला पंचायत प्रधान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन से तुरंत राहत और पुनर्वास कार्य शुरू करने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए ताकि वे अपने घरों की मरम्मत कर सकें और सामान्य जीवन फिर से शुरू कर सकें।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान फिर से भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर कांगड़ा, मंडी, चंबा और शिमला जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम भरे क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: NHAI ने इस फोरनेल को जारी किए 100 करोड़ रुपए, सुरंग-फ्लाईओवर से होगा पुनर्निर्माण
हिमाचल प्रदेश इस मानसून सीज़न में प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहा है। जगह-जगह भूस्खलन, सड़क धंसाव, जलभराव और मकानों को नुकसान जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में अब तक करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान हो चुका है, और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की विश्व प्रसिद्ध 'अटल टनल' में होने लगा पानी का रिसाव, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते बचाव और मरम्मत कार्यों में कठिनाई आ रही है। फिलहाल, राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता बरतें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।