#विविध
March 11, 2025
हिमाचल ने खोया एक और जवान, घर का था इकलौता बेटा, सैन्य सम्मान से दी अंतिम विदाई
15 साल की बेटी और 9 साल के बेटे को पत्नी के हवाले छोड़ गया
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला ने पिछले तीन दिन में तीन जवानों को खो दिया है। आठ मार्च को जवाली के तहत आती अमलेला पंचायत के 25 वर्षीय सैनिक अनिकेत का कैंसर से निधन हो गया था। उसके बाद दो दिन पहले नूरपुर के एसएसबी जवान हेड कांस्टेबल संजीव का सिक्किम में निधन हो गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का जवान ड्यूटी पर हुआ शहीद, पत्नी की गोद में है डेढ़ साल का बेटा
अब ऐसा ही एक और कांगड़ा जिला के उपमंडल ज्वालामुखी का जवान विवेक शर्मा पुत्र संजीव शर्मा इस दुनिया को अलविदा कह गया है। इस जवान को आज मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
सेना का यह जवान 42 वर्षीय विवेक शर्मा कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी के घराटी गांव का रहने वाला था। वह 10 डोगरा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और इस समय दिल्ली में तैनात थे। रविवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनके पेट में दर्द उठा और अस्पताल पहुंचाते ही उनकी मौत हो गई। जवान की मौत पेट में अल्सर के कारण हुई बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तिरंगे में लिपटकर घर आया लाल, चार महीने पहले ही ज्वाइन की थी आर्मी
ग्राम पंचायत गाहलियां के घराटी गांव का जवान विवेक शर्मा अपने घर का इकलौता बेटा था। दो बहनों का इकलौते भाई विवेक शर्मा के निधन की खबर जैसे ही उसके परिवार को मिली तो परिवार में मातम पसर गया। हर तरफ परिवार के रोने की आवाजें सुनाई देने लगी। परिवार के साथ साथ पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया। जवान अपने पीछे घर में पत्नी के अलावा 15 साल की बेटी और 9 साल का बेटा छोड़ गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तिरंगे में लिपटकर घर लौटा बेटा, लाडले को पुकारती रही बूढ़ी मां- बेसुध हुई पत्नी
विवेक शर्मा की देह आज मंगलवार सुबह जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची तो हर तरफ मातम पसर गया। पत्नी और बेटी का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। वहीं बहनों की आंखों के आंसू भी अपने इकलौते भाई की देह देख कर रूक नहीं रहे थे। विवेक शर्मा का पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके गांव में स्थानीय श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। देह लेकर आए जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बाबा बालक नाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मचाया बवाल- टैक्सी ड्राइवर से बहस
ग्राम पंचायत गाहलियां के उप प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह ही उन्हें जवान विवेक शर्मा के निधन की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि विवेक शर्मा मात्र साढ़े 17 साल की उम्र में भारतीय सेना में भर्ती हो गए थे। उनके परिवार में कई सदस्य सेना में कार्यरत हैं, कुछ सेवानिवृत्त हो चुके हैं और कुछ अब भी देश की रक्षा में जुटे हैं।