#विविध

February 21, 2025

हिमाचल: पत्नी के जाने गम नहीं सह पाया पति, एक साथ उठीं  दोनों की अर्थियां

पति-पत्नी की साथ विदाई: 7 जन्मों के बंधन की अनोखी मिसाल

शेयर करें:

hamirpur news

हमीरपुर। पति-पत्नी का रिश्ता सिर्फ एक जन्म का नहीं बल्कि 7 जन्मों का माना जाता है। इस रिश्ते में अटूट प्रेम और समर्पण की अनगिनत मिसालें देखने को मिलती हैं। ऐसा ही एक भावुक करने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बमसन ब्लॉक में सामने आया जहां एक दंपति ने अपनी सांसारिक यात्रा एक साथ पूरी कर ली।

धार गांव में छाया शोक

बमसन ब्लॉक की ग्राम पंचायत पटनौण के धार गांव में 82 वर्षीय इशारो देवी का निधन बुधवार की शाम हुआ। उनकी मृत्यु से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हर चौथे सड़क हाद*से के पीछे नशा,  ब्लड सैंपल के आधार पर पुलिस की रपट

 

लेकिन इस दुखद घटना के कुछ ही घंटों बाद वीरवार सुबह उनके 87 वर्षीय पति दीना नाथ ने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी की मृत्यु का यह दुर्लभ संयोग देखकर पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने इसे प्रेम और समर्पण की अनूठी मिसाल बताया।

एक ही आंगन से उठीं दोनों की अर्थियां

गांव के लोगों के लिए यह पल भावनात्मक रूप से अत्यंत मार्मिक था जब वीरवार को एक ही आंगन से दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं। जिस घर में वर्षों तक दोनों ने साथ जीवन व्यतीत किया, वहीं से उनकी अंतिम यात्रा भी एक साथ निकली। उनकी अंतिम यात्रा में गांव के लोग, रिश्तेदार और परिचित भारी संख्या में शामिल हुए और इस अद्भुत संयोग को देखकर भावुक हो गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मकान के लिए बजरी निकाल रहा था युवक, पहाड़ी के मलबे में दब गया बेचारा

लोग मान रहे इसे भगवान् की लीला

ग्राम पंचायत पटनौण के उपप्रधान विनोद कुमार ने बताया कि यह घटना गांव के लोगों के लिए बेहद चौंकाने वाली रही। उन्होंने कहा कि इशारो देवी और दीना नाथ दोनों पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि दोनों का इस संसार से विदा लेने का समय भी एक ही होगा। गांव के लोगों ने इसे भगवान की लीला मानते हुए दोनों को श्रद्धांजलि दी।

विधायक और समाजसेवियों ने जताया शोक

इस दुखद घटना पर सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, समाजसेवी सुभाष ठाकुर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत दंपति को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार को सांत्वना दी और इस क्षति को अपूरणीय बताया। पति-पत्नी के रिश्ते को अटूट प्रेम और एक-दूसरे के प्रति समर्पण की अनमोल कड़ी माना जाता है।

 

यह भी पढ़ें : किसे मिलेगी हिमाचल कांग्रेस की कमान ! अब डिप्टी सीएम ने की नई प्रभारी से मुलाकात

 

धार गांव में घटी इस घटना ने इसे एक बार फिर सच साबित कर दिया। उनका एक साथ इस दुनिया से विदा होना सभी के लिए एक गहरी सीख छोड़ गया कि सच्चा प्यार समय और जीवन के बंधनों से परे होता है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख