#विविध
January 25, 2026
फ्रीज हुआ हिमाचल : 683 सड़कें बंद, हजारों पर्यटक फंसे- कई लोगों ने गंवाई जा*न
बिजली और पानी की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में साल 2026 की पहली बर्फबारी ने पहाड़ी राज्य की रफ्तार थाम दी है। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश और हिमपात ने जहां मौसम को सुहावना बनाया, वहीं जनजीवन के लिए भारी मुश्किलें भी खड़ी कर दीं। शनिवार को मौसम साफ रहने के बावजूद प्रदेश के कई इलाकों में हालात सामान्य नहीं हो पाए और आम लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की परेशानियां लगातार बढ़ती रहीं।

प्रदेश में चार नेशनल हाईवे समेत कुल 683 सड़कें बंद होने से अनेक क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। अपर शिमला, किन्नौर, मनाली और लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम इलाकों में लोग दूसरे दिन भी अलग-थलग पड़े रहे। बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के 780 रूट लगातार दूसरे दिन भी ठप रहे, जबकि जगह-जगह बर्फ में 235 से अधिक बसें फंसी हुई हैं।
पर्यटन स्थलों पर भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। मनाली और आसपास के क्षेत्रों में हजारों सैलानी फंसे हुए हैं। हालांकि शिमला-दिल्ली, पतलीकूहल-दिल्ली, चंबा-दिल्ली और धर्मशाला-चंडीगढ़ जैसे कुछ प्रमुख रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन अधिकांश ग्रामीण और पहाड़ी मार्ग अभी भी बंद हैं। शिमला मंडल सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां सैकड़ों रूटों पर परिवहन सेवाएं पूरी तरह ठप हैं।

बर्फबारी के चलते बिजली और पानी की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रदेश में 5,775 ट्रांसफार्मर खराब होने से सैकड़ों गांवों में अंधेरा पसरा है, जबकि पेयजल की 126 योजनाएं ठप पड़ी हैं। कड़ाके की ठंड ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, शिमला, किन्नौर और कांगड़ा जिलों के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन पटरी से उतर गया है।
नेशनल हाईवे शिमला-रामपुर, भरमौर-पठानकोट, आनी-कुल्लू और मनाली-लेह पर शनिवार को भी आवाजाही संभव नहीं हो सकी। कुल्लू जिले के मनाली और बंजार क्षेत्रों में शिक्षण संस्थान बंद रहे। भरमौर के भरमाणी मंदिर मार्ग पर दो युवक दो दिनों से फंसे हुए हैं, जबकि सराज क्षेत्र के रघुपुर फोर्ट में फंसे 12 पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।

बर्फबारी जानलेवा भी साबित हो रही है। बालीचौकी क्षेत्र की पंचायत घाट में बहन के घर जा रहे बुजुर्ग खोउद राम बर्फ पर फिसलकर खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 26 से 28 जनवरी तक फिर बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।