#विविध

December 1, 2025

सूखी ठंड के बीच खुशखबरी- हिमाचल में आने वाले दिनों में होगी जमकर बर्फबारी, जानें डेट

रबी सीजन पर संकट गहराया, सेब बागवानी भी खतरे में

शेयर करें:

himachal weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश इस बार मौसम की एक अजीब विडंबना से जूझ रहा है। बरसात में बेमौसम बारिश और बाद में आए भूस्खलन से बेहाल हुई पहाड़ियां अब सूखे की मार झेल रही हैं। पूरा नवंबर महीना लगभग बारिश-विहीन बीत गया। मौसम विभाग के मुताबिक, इस नवंबर में प्रदेश में सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश हुई है। जहां 19.7 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, वहीं इस बार सिर्फ 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

सिरमौर के हालात गंभीर

सिरमौर में तो हालात सबसे गंभीर रहे यहां पूरे महीने एक भी बूंद बारिश नहीं हुई। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन में भी 99 फीसदी तक बारिश कम दर्ज की गई। यह पहली बार है जब नवंबर महीना इस कदर सूखा बीता कि पहाड़ों में दिन का तापमान भी दो से तीन डिग्री तक नीचे चला गया और रातें बर्फीली सर्दी की तरह महसूस होने लगीं। लाहौल स्पीति के कई इलाकों में स्थिति इतनी ठंडी है कि नदी-नालों और झरनों का पानी जमना शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें: आज से माता हिमानी चामुंडा के नहीं होंगे दर्शन : मंदिर के कपाट बंद, जानें कब खुलेंगे

बागवानी और कृषि पर पड़ा असर

सूखे का सबसे बड़ा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ा है। खेतों की मिट्टी में नमी ना होने के कारण गेहूं की बुवाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। कृषि विभाग के अनुसार इस समय तक प्रदेश में लगभग 75 फीसदी बुवाई ही हो पाई है, जबकि बाकी किसान खेतों में नमी न होने के कारण इंतजार कर रहे हैं। कई स्थानों पर किसान गेहूं छोड़कर जौ, सरसों और चारे वाली फसलों की ओर रुख कर रहे हैं, ताकि फसल नुकसान से बच सके।

यह भी पढ़ें:  हिमाचल में चिट्टे के ओवरडोज से एक और मौ*त- टॉयलेट में पड़ा मिला युवक, सिरिंज भी बरामद

बागवानी भी इस मौसम की मार से अछूती नहीं रही। बागवानों का कहना है कि लगातार सूखे मौसम का असर सेब के पेड़ों की चिलिंग ऑवर्स पर पड़ेगा। यदि दिसंबर में भी बारिश नहीं हुई, तो अगले वर्ष सेब उत्पादन पर बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है। शिमला, रोहड़ू, रामपुर, कोटखाई जैसे सेब बेल्ट इस समय मौसम में बदलाव का असर महसूस कर रहे हैं।

इन जिलों में छाया कोहरा

प्रदेश के कई जिलों मंडी, बिलासपुर और कांगड़ा में सुबह-शाम कोहरा छाया रहा, जिससे तापमान और नीचे गिर गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कांगड़ा, ऊना, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

यह भी पढ़ें: पूरे हिमाचल पर खतरा- भूकंप के सबसे खतरनाक जोन में शामिल हुआ, हाई रिस्क पर ये जिले

4 दिसंबर को बर्फबारी की उम्मीद

हालांकि, राहत की एक उम्मीद भी है। मौसम विभाग का कहना है कि चार और पांच दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस दौरान ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी, जबकि मध्य इलाकों में बारिश की संभावना है। अगर यह बारिश समय पर होती है, तो रबी सीजन की फसलों और बागवानी को थोड़ी राहत मिल सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख