#विविध
July 4, 2025
सीएम सुक्खू ने की घोषणा: आपदा में बेघर हुए लोगों को सरकार देगी 5 हजार रुपए मासिक किराया
गृह मंत्री अमित शाह ने आपदा प्रभावित हिमाचल को हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसूनी कहर से बेहाल लोगों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित उन परिवारों को 5000 रुपए मासिक किराया देगी जो अपना घर खो चुके हैं और अब किसी पड़ोसी या अन्य स्थान पर किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला में कहा कि राहत के रूप में दी जाने वाली यह सहायता राशि उन परिवारों के लिए है जिनके घर या आश्रयस्थल बारिश, भूस्खलन या बादल फटने जैसी घटनाओं में नष्ट हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन की ओर से इन परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : मंडी आपदा : लोगों की सुध लेने नहीं पहुंची MP कंगना, बोलीं- जयराम ठाकुर ने किया है मना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह से भी आपदा के कारण हुए नुकसान पर विस्तार से चर्चा की है। केंद्रीय गृहमंत्री ने राज्य को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा, केंद्र सरकार की एक विशेषज्ञ टीम जल्द ही हिमाचल का दौरा करेगी और जमीनी स्तर पर नुकसान का मूल्यांकन करेगी।
सीएम सुक्खू ने कहा कि आज शुक्रवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ बैठक कर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी को भी बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावितों को त्वरित सहायता दी जाए, ताकि वे अस्थायी रूप से ही सही, सुरक्षित स्थानों पर रहने और खाने की व्यवस्था कर सकें।
सुक्खू ने कहा कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, डिप्टी स्पीकर विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ विधायकों और मंत्रियों से बैठक कर राहत कार्यों की रणनीति तय की है। सभी मंत्री अपने.अपने विभागों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि नुकसान का आंकलन करके त्वरित राहत पहुंचाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार मानसून सीजन ने हिमाचल को भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक प्रदेशभर में करीब 700 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। सड़कों का जाल बुरी तरह प्रभावित हुआ है, बिजली और पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है, और कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस आपदा में अब तक 69 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। आपदा और बादल फटने से अब तक सैंकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है। सैंकड़ों परिवार बेघर हुए हैं। इन बेघर हुए लोगों को दूसरी जगह रहने के लिए सरकार ने मासिक किराया देने की घोषणा की है।