#विविध

February 2, 2026

हिमाचल में 8 फरवरी को होगा कुछ बड़ा? सीएम सुक्खू की कैबिनेट बैठक पर टिकी नजरें!

सीएम सुक्खू ने 8 फरवरी को बुलाई कैबिनेट बैठक

शेयर करें:

Cabinet Meeting

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार की एक अहम कैबिनेट बैठक आगामी 8 फरवरी को आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में यह बैठक प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हाल में सुबह 11:00 बजे शुरू होगी। इस बैठक को प्रदेश की सियासत और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई बड़े और दूरगामी फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में अब सभी की निगाहें 8 फरवरी को होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं।

 

अधिकारियों ने बैठक के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में विकास कार्यों और नई योजनाओं को मंजूरी मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की पिछली बैठकों में भी कई अहम निर्णय लिए गए थे। अब देखना होगा कि 8 फरवरी को सुक्खू सरकार के पिटारे से जनता के लिए क्या निकलता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: समय पर पंचायत चुनाव करवाने पर संशय, आयोग के निर्देश नहीं मान रही अफसरशाही !

केंद्रीय बजट में अनदेखी पर चर्चा

कैबिनेट बैठक के एजेंडे में बीते रोज पेश हुए केंद्रीय बजट को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू मंत्रियों के साथ यह मंथन करेंगे कि केंद्र सरकार के बजट में हिमाचल प्रदेश की अपेक्षाओं और जरूरतों की अनदेखी क्यों हुई और इसका प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर क्या असर पड़ेगा। इसके साथ ही केंद्र से मिलने वाली सहायता और भविष्य की रणनीति पर भी विचार किया जा सकता है।

प्रदेश बजट पर भी मंथन

कैबिनेट बैठक में आगामी हिमाचल प्रदेश बजट को लेकर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुक्खू मंत्रियों से विभागवार सुझाव लेंगे ताकि प्रदेश के बजट को जनहितैषी और विकासोन्मुख बनाया जा सके। खासतौर पर ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में होने जा रही है बंपर भर्ती, 300 के करीब युवाओं को मिलेगी नौकरी; जानें डिटेल

खाली पदों की भर्ती पर बड़ा फैसला

बैठक का एक अहम एजेंडा विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों का मुद्दा भी रहेगा। सूत्रों की मानें तो सरकार भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और युवाओं के लिए नौकरियों का पिटारा खोलने को लेकर ठोस निर्णय ले सकती है। इससे हजारों बेरोजगार युवाओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिमाचल दिवस की घोषणाओं पर अमल

कैबिनेट बैठक में हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इन घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बरसी चांदी : आज भी कई जिले अलर्ट पर, अगले 48 घंटे जमकर होगी बारिश-बर्फबारी

कई बड़े फैसलों की उम्मीद

कुल मिलाकर 8 फरवरी को होने वाली यह कैबिनेट बैठक सरकार के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि इस बैठक से न केवल प्रशासनिक फैसलों को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े कई बड़े निर्णय भी सामने आ सकते हैं। अब सभी की नजरें सुक्खू कैबिनेट की इस बैठक पर टिकी हैं, जहां से प्रदेश की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा होने की पूरी संभावना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख