#विविध

October 12, 2025

सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान, हर सिविल अस्पताल में तैनात होंगे 6 विशेषज्ञ डॉक्टर; घर के पास मिलेगा बेहतर इलाज

बड़े अस्पतालों में लागू होगी 24 घंटे रोटेशनल ड्यूटी व्यवस्था

शेयर करें:

CM Sukhu Health

शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सुक्खू सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है। रोबोटिक सर्जरी जैसी ऐतिहासिक पहल के बाद अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि हिमाचल के हर सिविल अस्पताल में छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं घर.द्वार पर मिल सकें। मुख्यमंत्री शनिवार को करसोग में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: डिप्टी CM की अधिकारियों को चेतावनी: काम में देरी- राजनीति करने वालों को बख्शूंगा नहीं, सुधर जाएं

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद राज्य सरकार जनता के हितों से पीछे नहीं हटेगी। ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल कर कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने के बाद हिमाचल पर केंद्र ने आर्थिक बंदिशें लगा दी हैं, लेकिन सरकार ने दृढ़ संकल्प लिया है कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में कोई समझौता नहीं होगा।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी-प्रियंका वाड्रा पहुंची शिमला, स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में होंगी शामिल

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य के सभी बड़े सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा अधीक्षक (MS) और डिप्टी एमएस की 24 घंटे रोटेशनल ड्यूटी व्यवस्था लागू करने के निर्देश स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा को दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को हर समय गुणवत्तापूर्ण उपचार और प्रशासनिक सहायता मिलनी चाहिए। नई व्यवस्था के तहत डिप्टी एमएस का रोटेशनल ड्यूटी चार्ट तैयार किया जाएगा, जिसमें एक अधिकारी दिन में और दूसरा रात में ड्यूटी पर रहेगा। सीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शाम पांच बजे के बाद वरिष्ठ अधिकारी अस्पतालों में अनुपस्थित रहते हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं और स्टाफ पर पूरा दबाव पड़ता है। अब यह स्थिति नहीं रहेगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : पान लेने उतरा THAR वाला, तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर; बाप-बेटे के निकले प्राण

स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम

सुक्खू सरकार का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं ही एक विकसित राज्य की नींव होती हैं। पहले रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीक का आगाज और अब हर सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति—ये कदम प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। राज्य के हर अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं और विशेषज्ञ उपलब्ध होंगे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में इतने दिन साफ रहेगा मौसम, किसानों-बागवानों को राहत, पर्यटन कारोबार ने भी पकड़ी रफ्तार

स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति की ओर हिमाचल

स्वास्थ्य सचिव को सीएम ने निर्देश दिए हैं कि इस योजना को जल्द से जल्द लागू किया जाए। आने वाले समय में सर्जरी, गायनी, मेडिसिन, ऑर्थो, एनेस्थीसिया और पीडियाट्रिक जैसे विभागों में विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाकर हिमाचल को एक ‘हेल्थ हब’ बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे ग्रामीण इलाकों के मरीजों को भी राहत मिलेगी और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख