#यूटिलिटी
October 12, 2025
हिमाचल में इतने दिन साफ रहेगा मौसम, किसानों-बागवानों को राहत, पर्यटन कारोबार ने भी पकड़ी रफ्तार
मौसम खुलते ही पर्यटन कारोबार ने भी पकड़ी रफ्तार
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से प्रदेश ठंड के आगोश में समाने लगा था। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई थी। कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 18 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया था। अब मौसम साफ होने और धूप खिलने से न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमानों में वृद्धि देखी जा रही है। इस सब के बीच अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन प्रदेश भर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की यह भविष्यवाणी प्रदेश के किसानों और बागवानों के लिए राहत भरी मानी जा रही है। मौसम खुलने से मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों के कामकाज ने रफ्तार पकड़ ली है। मैदानी क्षेत्रों में किसानों के खेतों में धान की फसल पक कर तैयार हो गई थी, लेकिन बारिश के चलते किसान अपनी फसल को काट नहीं पा रहे थे। लेकिन अब मौसम खुलने से किसान अपनी फसल की कटाई में जुट गए हैं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का ऐतिहासिक फैसला: बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा
वहीं बागवानी क्षेत्रों में आलू और अन्य नगदी फसलों की बिजाई का काम भी तेजी से चल रहा है। किसानों का कहना है कि अगर अगले एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही साफ रहा तो फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर अच्छा असर पड़ेगा।
बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं पर भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। धूप खिलने से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। बीते सप्ताह हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई थी और तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया था। लेकिन अब मौसम में सुधार की स्थिति बन रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : युवकों से मिली 6KG से ज्यादा चरस, नई कार में निकले थे सप्लाई करने- चढ़े पुलिस के हत्थे
मौसम विभाग ने बताया कि अगले सात दिनों में प्रदेश के सभी हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। औसतन तापमान सामान्य से एक डिग्री कम चल रहा है, जो अब सामान्य से ऊपर जा सकता है। मौसम में सुधार से पर्यटन स्थलों में भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। दिन में धूप खिलने से सैर-सपाटे के लिए मौसम अनुकूल रहेगा।
हिमाचल में मौसम के खुलने से पर्यटन कारोबार भी रफ्तार पकड़ने लगा है। हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी है। खासकर रोहतांग, अटल टनल, लाहौल स्पीति में पर्यटकों के वाहन पहुंच रहे हैं। मौसम खुलने से शिमला, मनाली में भी पर्यटकों की चहल पहल बढ़ गई है। प्रदेश में एक बार फिर पर्यटन कारोबार के पटरी पर लौटने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।