#विविध
November 10, 2025
सीएम सुक्खू का ऐलान: आपदा पीड़ितों को 7 नहीं 8 लाख देंगे, आज 4914 को बांटे 81 करोड़
जयराम ठाकुर पर जमकर साधा निशाना, मंच से अनिल शर्मा को बोलने का दिया मौका
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित आपदा राहत वितरण समारोह में आपदा पीड़ितों को राहत राशि बांटी। इस दौरान सीएम सुक्खू ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। सबसे बड़ी घोषणा सीएम सुक्खू ने आपदा पीड़ितों के लिए सात की जगह आठ आठ लाख की राहत राशि देने की की। सीएम सुक्खू ने कहा कि आपदा पीड़ितों को अब सात नहीं बल्कि आठ आठ लाख की राहत राशि दी जाएगी। घरेलू सामान खरीदने के लिए 70 हजार रुपये की जगह अब एक लाख रुपये मिलेंगे। इस तरह कुल आठ लाख रुपये आपदा प्रभावितों अब मिलेंगे।
सुक्खू ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश की जनता के दर्द को समझते हुए लिया गया है ताकि पीड़ित परिवारों को वास्तविक राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने आज मंडी में आयोजित समारोह में 4914 आपदा प्रभावितों को कुल 81.28 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की। इस दौरान 21 लोगों को मंच पर चेक दिए गए, जबकि बाकी के लाभार्थियों के खातों में राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई।
सीएम सुक्खू ने आज आपदा प्रभावितों को पहली किश्त के तौर पर चार.चार लाख की धनराशि आवंटित की। सीएम ने कहा कि गृह निर्माण का कार्य शुरू होने पर दूसरी किश्त भी तुरंत प्रभाव से जारी कर दी जाएगी।
आपदा पीड़ितों को वन भूमि देने पर सीएम सुक्खू ने कहा कि वन अधिनियम के तहत वह केंद्र की अनुमति के बिना कुछ नहीं कर सकते। जिसके चलते ही आपदा प्रभावितों को जमीन देने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह कानून उनके अधिकार क्षेत्र में होता तो उसे कब का बदल कर आपदा प्रभावितों को राहत दे देते।
यह भी पढ़ें : आपदा में परिवार खो चुकी नितिका को CM सुक्खू ने दिए 28 लाख : मासूम को देख आंखें हुई नम
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आपदा किसी दल या विचारधारा की नहीं होती, ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि
मुझे उम्मीद थी कि भाजपा के सभी विधायक, विशेषकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर इस कार्यक्रम में मौजूद होंगे। आपदा के समय निमंत्रण की नहीं, संवेदनशीलता की जरूरत होती है।
सीएम सुक्खू ने भाजपा शासनकाल पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब विपक्षी विधायकों को सरकारी मंचों पर बोलने तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि आज हमारे मंच पर भाजपा विधायक अनिल शर्मा मौजूद हैं, यही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है। दरअसल आज आपदा राहत कार्यक्रम के दौरान जब मंच पर मंत्री राजेश धर्माणी बोलने के लिए उठे, तो सीएम सुक्खू ने उन्हें रोक दिया और अनिल शर्मा को मंच से जनता को संबोधित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार व्यवस्था परिवर्तन की सोच के साथ काम कर रही है। हमने बागबानों से पहली बार 100 करोड़ रुपये का सेब खरीदा, दूध की कीमत बढ़ाकर पशुपालकों को राहत दी और आपदा के समय हमारे मंत्री खुद जेसीबी मशीनों पर बैठकर राहत कार्यों में जुटे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में केंद्र से मिले 32,000 करोड़ रुपये के वैट मुआवजे का पैसा भवनों और दिखावे पर खर्च कर दिया गया। भाजपा ने राहत और विकास के नाम पर जनता को धोखा दिया। जनता इस भुलावे को कभी माफ नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता दी है। शराब ठेकों की पारदर्शी नीलामी से राज्य को 450 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग में सुधार हो रहे हैं।