#रोजगार
January 25, 2026
खुशखबरी ! हिमाचल में बंपर भर्ती : असिस्टेंट प्रोफेसर के भरे जाएंगे 387 पद, यहां जानें सब कुछ
विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। जल्द प्रदेश में सहायक प्रोफेसरों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। इन पदों को भरने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मामले को संबंधित आयोग को भेज दिया गया है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर के 387 रिक्त पद भरे जाएंगे। इसके साथ ही 937 TGT की भर्ती प्रक्रिया राज्य चयन आयोग द्वारा पूरी कर ली गई है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती विशेष रूप से प्रदेश के दूरदराज और पिछड़े विद्यालयों में की जाएगी, ताकि वहां की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिल सके।
आपको बता दें कि शिक्षा मंत्री शनिवार को मंडी जिला के सुंदरनगर क्षेत्र के राजकीय उच्च पाठशाला अलसु में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित कला एवं शिल्प प्रयोगशाला, एकीकृत विज्ञान प्रयोगशाला तथा पुस्तकालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
यह भवन राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत तैयार किया गया है, जिस पर कुल 35.27 लाख रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि भवन की कमी के कारण पहले इस विद्यालय की कक्षाएं निजी भवन में संचालित करनी पड़ रही थीं, जिससे छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
अब नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि इस भवन का निर्माण नवंबर 2024 में शुरू हुआ था और BSNL द्वारा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर की मांग पर शिक्षा मंत्री ने नवनिर्मित भवन के ऊपर एक अतिरिक्त मंजिल के निर्माण को भी मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना का विस्तार किया जाना आवश्यक है।
रोहित ठाकुर ने यह भी बताया कि प्रदेश में करीब 130 शिक्षण संस्थानों को CBSE से संबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है। डैहर स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने की मांग पर उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहनलाल ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में रिकॉर्ड संख्या में पद भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि सुंदरनगर क्षेत्र में पिछली सरकार के समय 45 ऐसे स्कूल थे, जहां एक भी अध्यापक तैनात नहीं था, लेकिन अब क्षेत्र में ऐसा कोई विद्यालय नहीं है। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आया है।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य राजकुमार, SDM सुंदरनगर अमर नेगी, DSP भारत भूषण, उपनिदेशक उच्च शिक्षा यशवीर धीमान, राजकीय उच्च पाठशाला अलसु के मुख्याध्यापक मनी राम ठाकुर, स्कूल स्टाफ सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय को मिली नई सुविधाओं पर प्रसन्नता जताई और सरकार के प्रयासों की सराहना की।