#हिमाचल

January 19, 2026

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, मैदानों में ठिठुरन: 22 से बदलेगा मौसम- अलर्ट पर कई जिले

22–26 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार

शेयर करें:

snowfall in himachal

शिमला। हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर एक बार फिर सर्दी ने अपनी असली तस्वीर दिखानी शुरू कर दी है। तापमान गिरते ही दुर्गम दर्रों और चोटियों पर हिमपात का सिलसिला तेज हो गया है। लाहौल-स्पीति और मनाली की ऊंची चोटियों पर पिछले कल बर्फबारी हुई। लगातार दो दिन से हो रहे हिमपात के कारण प्रदेशभर में ठंड का असर बढ़ गया है और उम्मीद है कि निचले क्षेत्र में भी जल्द राहत बरसेगी। 

ऊंचे दर्रों पर बर्फबारी

रविवार को जहां लाहौल-स्पीति और मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, वहीं शिमला सहित कई क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने से सर्द हवाएं और तेज हो गई हैं, जिससे निचले क्षेत्रों में भी ठंड का असर बढ़ गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति-पत्नी सहित 3 के पास मिला 364 ग्राम चिट्टा, जांच को स्पेशल टीम गठित

23 जनवरी को भारी हिमपात का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 23 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी हिमपात और वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 और 20 जनवरी को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और मंडी जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 22 से 26 जनवरी तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

सूखे से जूझते हिमाचल को राहत की उम्मीद

करीब साढ़े तीन महीने के लंबे सूखे के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राहत की उम्मीद जगी है। इसी बीच कांगड़ा जिले में होटल एसोसिएशन धर्मशाला के प्रतिनिधि खनियारा स्थित भगवान श्री इंद्रुनाग मंदिर पहुंचे और वर्षा व हिमपात के लिए पूजा-अर्चना की। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बारिश-बर्फबारी से जल स्रोतों और कृषि को संजीवनी मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 2027 से पहले हो सकते हैं चुनाव! जयराम ठाकुर का बड़ा दावा- संकट में सुक्खू सरकार 

फसलों पर पड़ा सूखे का असर

हालांकि सूखे का असर अब फसलों पर साफ नजर आने लगा है। कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल पीली पड़ गई है, जबकि मटर और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में किसानों और बागवानों को अब इस बदले मौसम से बड़ी उम्मीदें हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेत में मिली विवाहिता की देह, पिता बोले- दामाद की प्रताड़ना से परेशान थी बेटी

तापमान में तेज गिरावट दर्ज

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट मनाली में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। बजौरा, सुंदरनगर और भुंतर में 4.2 डिग्री तक तापमान लुढ़का। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट बजौरा में 5.7 डिग्री, नारकंडा और कसौली में 3.5 तथा शिमला में करीब तीन डिग्री सेल्सियस रही। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख