#अपराध
May 4, 2026
हिमाचल SDM ऑफिस के पास कांड : घर में घुसकर बदमाशों ने लगाई आ*ग, अंदर सो रहा था परिवार
CCTV में कैद हुई वारदात
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। शहर में वार्ड-8 स्थित SDM कार्यालय के पास बीते कल देर रात पेश आई इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
दरअसल, रात करीब डेढ़ बजे दो बाइकों पर पांच नकाबपोश युवक अचानक SDM ऑफिस के पास स्थित रणजीत सिंह पुत्र मनमोहन सिंह के घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने बिना देर किए गेट के अंदर खड़ी पजेरो स्पोर्ट्स गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
देखते ही देखते वाहन आग की भीषण लपटों में घिर गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी-नुकसान नहीं हुआ। घटना के वक्त परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे।
पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया है। रात के सन्नाटे में इस तरह की वारदात ने स्थानीय निवासियों को भी सहमा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एसएचओ के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी को भारी नुकसान हो चुका था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया है, ताकि घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग एंगल से जांच तेज कर दी गई है।
फिलहाल, पुलिस इस वारदात के पीछे की वजहों को खंगालने में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है। हालांकि असली कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।