#अपराध
May 31, 2026
हिमाचल में एक और गो*लीकांड : पर्यटक और स्थानीय युवकों की कहासुनी के बीच हुई फायरिंग, 4 अरेस्ट
वारदात के बाद पूरे इलाके में फैली दहशत
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में फायरिंग की घटना हुई है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पर्यटन स्थलों पर बढ़ती अव्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पर्यटन सीजन के बीच लगातार सामने आ रही मारपीट, हुड़दंग और हिंसा की घटनाओं के बीच अब मणिकर्ण घाटी स्थित कसोल में गोली चलने का मामला सामने आया है। जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार 20 मई की शाम कसोल स्थित एक होटल की पार्किंग में पंजाब से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में मामूली विवाद लग रहा यह मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई युवक आपस में उलझते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में हथियार भी नजर आता है और कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की आवाज सुनाई देती है।
फायरिंग के दौरान गोली एक युवक की टांग में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में युवक खुद को संभालने की कोशिश करता दिखाई दिया, लेकिन दर्द के कारण वह ठीक से चल नहीं पा रहा था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी और कुछ समय तक वहां भय का माहौल बना रहा।
इस पूरी घटना के बीच मानवता और साहस की एक मिसाल भी देखने को मिली। घायल युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद जब लोग भय और अफरा-तफरी में थे, तब रसोल निवासी 20 वर्षीय सागर ठाकुर आगे आए। उन्होंने बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए घायल युवराज ठाकुर को अपनी पीठ पर उठाया और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घायल युवराज की टांग से लगातार खून बह रहा था, लेकिन सागर ने हिम्मत नहीं हारी और समय रहते उसे मदद पहुंचाई। बाद में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर कई लोग सागर ठाकुर की बहादुरी और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कसोल, मणिकर्ण और पार्वती घाटी क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। हर वर्ष हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से पर्यटकों के बीच मारपीट, नशे और हुड़दंग की घटनाएं बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ पर्यटक छुट्टियां मनाने के नाम पर नियमों की अनदेखी करते हैं। शराब व अन्य नशे के प्रभाव में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं। इससे क्षेत्र की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
मणिकर्ण घाटी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से पूरे पर्यटन उद्योग की छवि प्रभावित हो रही है।
स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि सीमावर्ती प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी और जांच व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। साथ ही पर्यटन स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तंत्र विकसित करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 3 बच्चों ने खो दिया पिता, घर लौट रहे होमगार्ड जवान को ऐसे मिली मौ*त, सदमें में परिवार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।