#अपराध
September 24, 2025
हिमाचल: शादी के एक दिन पहले क्या-क्या हुआ अंशिका के साथ ? किससे मिलने गई थी अकेले- जानें
बिन बताए कोर्ट मैरिज कर चुकी थी युवती
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बीते कल एक युवती की हत्या का मामला सामने आया था। शादी से सिर्फ एक दिन पहले युवती की हत्या कर दी गई। अब इस मामले में अपडेट आया है। युवती की मां का कहना है कि दूल्हे और उसके चाचा ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है।
आज के दिन 24 वर्षीय अंशिका ठाकुर की शादी होने वाली थी लेकिन ऐसा हो ना सका। 23 सितंबर को अंशिका की अधजली लाश घर से 500 मीटर दूर मिली। पुलिस ने अंशिका की मां से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
ये मामला ऊना जिले के बंगाणा के वैरिया का है। सोमवार को अंशिका घर से लापता हो गई थी व मंगलवार को लाश मिली। अंशिका की शादी आज भारतीय सेना के जवान से होने वाली थी। मां की दी गई शिकायत में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
मां के अनुसार अंशिका ने बीए की पढ़ाई के बाद एक साल का कम्पयूटर कोर्स किया था। इसी दौरान उनकी बेटी ने भिण्डसा गांव के फौजी प्रवेश कुमार के साथ 4-5 महीने पहले उनकी जानकारी के बिना ही कोर्ट मैरिज कर ली थी।
दो महीने पहले युवती के पिता की मौत के बाद मां को शादी का पता चला। बेटी ने ये भी कहा कि वो प्रवेश के साथ ही रहना चाहती है। इस दौरान अंशिका ने ये भी बताया कि वो 4 महीने की गर्भवती है।
इस सब के बाद ससुराल और मायके वालों ने दोनों की शादी रीति रिवाज से करवाने का फैसला लिया। प्रवेश भी इसके लिए राजी हो गया। 24 सितंबर को शादी और धाम भी रखी गई थी।
मां ने बताया कि 22 तारीख को शादी से जुड़े गिफ्ट व सूट पैक हो गए थे। इसी दौरान उनकी बात दूल्हे से फोन पर बात भी हुई। उसने ये भी बताया कि वो छुट्टी पर आ चुका है।
गौर करने वाली बात ये है कि मां के मुताबिक दूल्हे का रिटायर्ड फौजी चाचा संजीव कुमान समारोह से खुश नहीं था और उसने अंशिका को मारने धमकी भी दी थी। ऐसे में शक की सुई इस फौजी चाचा की तरफ भी घूमती है।
मां बताती हैं कि अंशिका दो-तीन दिन से अलग कमरे में सोने लगी थी। 22 सितंबर की रात अंशिका उनके साथ थी। इस दौरान मां की बहन और देवरानी भी साथ थी। अंशिका अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह कमरे में देखा तो वो लापता थी।
अंशिका का फोन भी गायब था। शाम तक मां को लगा कि अंशिका प्रवेश के साथ ऊना गई होगी। बाद में तलाशा तो पता चला की अंशिका की अधजली लाश सड़क किनारे एक पुली के नीचे पड़ी मिली है।
पुलिस को लाश की सूचना वन रक्षक ने दी। वहीं मां ने फौजी चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि सवाल कई हैं। अंशिका आधी रात बाहर क्यों गई और वो किससे मिली।
सवाल ये भी हैं कि अंशिका की हत्या क्यों की गई और लाश को आग किसने लगाई होगी। वहीं अंशिका का पति प्रवेश जो शादी के लिए छुट्टी आया था, वो शादी के एक दिन पहले क्यों वापस लौट गया।