#हादसा
September 24, 2025
हिमाचल : यमुना में डूबे तीन युवकों का नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों का रो-रो कर हो रहा बुरा हाल
ग्रामीणों के साथ देवता की पालकी लेकर लौट रहे थे तीनों युवक
शेयर करें:
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 20 से 23 साल की उम्र के बीच के तीन यमुना घाट में डूब गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह तीनों युवक नदी में नहाने उतरे थे और तेज बहाव में नदी में डूब गए हैं।
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। यमुनाघाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। युवकों के परिजन मौके पर मौजूद हैं। लापता युवकों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब में बीते कल यानी मंगलवार को उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब श्रद्धा से भरे एक धार्मिक यात्रा का अंत एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। यमुना नदी के घाट पर स्नान के दौरान तीन युवक जिनमें दो सगे भाई शामिल थे नदी की तेज धाराओं में बह गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह तीनों ही युवक शिलाई क्षेत्र के ग्वाली गांव के रहने वाले हैं और ग्रामीणों के साथ कुल देवता की पालकी लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान पांवटा साहिब के पावन यमुना तट पर स्नान करने के लिए रूके थे।
तीनों युवक जैसे ही नहाने के लिए यमुनाघाट में उतरे तो पानी के तेज बहाव में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले 23 वर्षीय अमित पुत्र जोगी राम गहरे पानी में फिसलकर बहने लगा। उसे डूबता देख साथ मौजूद 22 वर्षीय कमलेश और उसका छोटा भाई 20 वर्षीय रजनीश पुत्र प्रेम सिंह बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। मगर यमुना की तेज लहरों में तीनों ही बह गए और कुछ ही पलों में तीनों युवक पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब प्रशासन हरकत में आया। SDM गुंजीत सिंह चीमा, DSP मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा और थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कियाए, लेकिन तेज बहाव और जलस्तर ने मुश्किलें बढ़ा दीं।
ग्वाली गांव इस खबर से स्तब्ध है। जिन युवकों के कंधों पर भविष्य की जिम्मेदारियां थीं, वे अब स्मृतियों का हिस्सा बन चुके हैं। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। खासकर प्रेम सिंह का परिवार, जिसने एक ही दिन में अपने दो होनहार बेटों को खो दिया, असहनीय दर्द से गुजर रहा है। गांव में हर घर शोक में डूबा है, लोग एक-दूसरे के गले लगकर रो रहे हैं।