#हादसा
August 21, 2026
हिमाचल टनल हाद.सा : एक ही गांव के दो जवान बेटों की मौ**त, चेहरों की हालत देख परिवार बेसुध
टनल में हुई थी पंजाब और हिमाचल नंबर के ट्रकों में जोरदार टक्कर
शेयर करें:

मंडी। पहाड़ के भीतर बनी टनल में गुरुवार सुबह अचानक ऐसा मंजर सामने आया, जिसने वहां से गुजर रहे लोगों को दहला दिया। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर दो ट्रक आमने-सामने जा भिड़े।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग उनके भीतर ही फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे की एक टनल के अंदर हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रक पंजाब नंबर का था, जबकि दूसरा हिमाचल नंबर का। दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने हुई भिड़ंत के बाद टनल के भीतर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में लोग फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। दुर्घटना में घायल आठ लोगों में से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र के कादीपुर गांव के रहने वाले दो युवकों की भी जान चली गई। मृतकों की पहचान विशाल कुमार और रवि कुमार के रूप में हुई है।
दोनों के शव शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे उनके पैतृक गांव कादीपुर पहुंचे। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अपने बेटों को खोने का सदमा परिजन सहन नहीं कर पा रहे हैं। दोनों परिवारों के घरों में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की खबर मिलने के बाद से ही कादीपुर गांव में लोगों की भीड़ पीड़ित परिवारों के घर पहुंचने लगी। ग्रामीणों ने परिजनों को ढांढस बंधाया। एक ही हादसे में गांव के दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
उधर, हिमाचल पुलिस ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है। टनल के भीतर दोनों ट्रकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।