#अपराध
August 21, 2026
हिमाचल : पत्नी से कहासुनी के बाद घर से निकला व्यक्ति, नदी किनारे मिली देह; मची चीख-पुकार
पत्नी से पूछताछ कर रही पुलिस टीम
शेयर करें:

कुल्लू। घर में हुई एक कहासुनी के बाद बाहर निकला 45 वर्षीय व्यक्ति जब काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान ब्यास नदी किनारे जो दृश्य सामने आया, उससे परिवार में मातम पसर गया। व्यक्ति का शव नदी किनारे एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना हिमाचल प्रदगेस के जिला कुल्लू के भुंतर थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय संतोष सिंह निवासी गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। वह वर्तमान में शमशी, जिला कुल्लू में रह रहा था। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार 19 अगस्त की है।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार संतोष सिंह की घर में पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। काफी समय बीतने के बावजूद जब वह वापस नहीं आया तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसी दौरान ब्यास नदी के किनारे एक पेड़ से संतोष सिंह का शव लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भुंतर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घटना के पीछे के कारणों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान समेत अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। SP कुल्लू अभिषेक एस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भुंतर थाना पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई है।